हादसे में घायल बुजुर्ग की पीजीआई में मौत, पानीपत में अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर
पानीपत में खादी आश्रम के सामने जीटी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए 57 वर्षीय ज्ञानचंद की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई।
-1794052233825_m.webp)
हादसे में घायल बुजुर्ग की पीजीआई में मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग ज्ञानचंद गंभीर घायल हुए।
पीजीआई रोहतक में चार दिन उपचार के बाद मौत।
किशनपुरा पुलिस ने अज्ञात चालक पर केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, पानीपत। खादी आश्रम के सामने जीटी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए गांव स्टोंडी निवासी 57 वर्षीय ज्ञानचंद की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव स्टोंडी, जिला करनाल निवासी करेशन ने बताया कि वह अपने पड़ोसी ज्ञानचंद के साथ पिछले करीब 20 वर्षों से किशनपुरा स्थित डीके फैक्ट्री में काम करने के लिए आते थे। दो नवंबर को सुबह करीब 9:15 बजे दोनों खादी आश्रम के सामने दिल्ली की तरफ जाने वाली सड़क पर उतरे थे। उन्हें जीटी रोड पार करके खादी आश्रम की तरफ जाना था।
इस दौरान ज्ञानचंद पीछे रह गए। करेशन के अनुसार, अचानक आवाज सुनाई देने पर उसने पीछे मुड़कर देखा तो ज्ञानचंद करनाल की तरफ जाने वाली सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। उनके सिर और कान से खून निकल रहा था।
मौके पर एकत्रित लोगों ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी है और चालक वाहन सहित करनाल की तरफ फरार हो गया। घायल ज्ञानचंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया गया। चार दिन तक उपचार के दौरान छह नवंबर को उनकी मौत हो गई। चौकी किशनपुरा पुलिस ने करेशन की शिकायत पर केस दर्ज किया है।