Dussehra 2021: अंबाला में 100 फीट ऊंचा और 22 क्विंटल भारी रावण 5 मिनट में जलकर राख, रिमाेट से किया दहन
अवेयरनेस गर्ल्स के नाम से मशहूर बराड़ा की दो बहनों तनु व हिमानी ने रावण के पुतले के सामने खड़े होकर लोगों को बैनर के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगो को अपने आसपास साफ-सफाई रखने को प्रेरित किया।
अंबाला/बराड़ा, जागरण संवाददाता। दशहरा पर्व पर बराड़ा में 100 फुट ऊंचा रावण महज पांच मिनट में जलकर राख हाे गया। आयोजन श्री रामलीला क्लब बराड़ा द्वारा किया गया। क्लब के संस्थापक प्रधान तेजिंद्र चौहान इससे पहले 221 ऊंचा विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनाकर लिम्का बुक आफ रिकार्ड्स में जगह बना चुके हैं।
इस मौके पर मुख्य अतिथि नगर पालिका बराड़ा की चेयरपर्सन रिचा पाहवा, उनके पति भाजपा नेता हन्नी पाहवा ने रिमोट का बटन दबाकर रावण दहन किया। इस मौके पर इको फ्रेंडली अातिशबाजी का प्रयोग किया गया। रावण दहन का कार्यक्रम देखने के लिए मैदान में हजारों की तादाद में लोग जमा हुए। पुतला दहन देखने के लिए स्थानीय लोगों के अलावा चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उतर प्रदेश आदि राज्यों से भी यहां पहुंचे। मैदान में बच्चों के लिए झूले व खिलौनों की दुकान भी लगी राहीं। एक महीने में तैयार किए गए इस 100 फुट को पुतले को खड़ा करने के लिए चार क्रेन की मदद ली गई थी। इस आयोजन में एसडीएम गिरीश कुमार, हरजिंदर सिंह, राजेश सिंगला, पिंटू राणा, पवन गुप्ता, तरुण कौशल, बलजिंदर, रोकी राणा आदि का विशेष योगदान रहा।
तीन साल बाद फिर हुई चहल-पहल
बराड़ा के इस दशहरा मैदान में तीन साल बाद दशहरे पर फिर से रौनक देखने को मिली। लिम्का बुक आफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाने वाले श्री रामलीला क्लब बराड़ा द्वारा 3 वर्षों के अंतराल के बाद इस सौ फुट के रावण को पुतले को तैयार किया है। इससे पहले क्लब के नाम विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनाने का रिकार्ड भी है। तीन साल पहले बराड़ा का दशहरा विश्व प्रसिद्ध माना जाता था। लेकिन रावण का पुतला न बन सका। पुतले का वजन लगभग 22 क्विंटल था।
स्वच्छता का दिया संदेश
अवेयरनेस गर्ल्स के नाम से मशहूर बराड़ा की दो बहनों तनु व हिमानी ने रावण के पुतले के सामने खड़े होकर लोगों को बैनर के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगो को अपने आसपास साफ-सफाई रखने को प्रेरित किया। बता दे दोनों बहनें पहले भी कई मंचों के माध्यम से विभिन्न विषयों के बारे में लोगो को जागरूक कर चुकी है।