बड़े भाई ने छोटे की छाती पर मारा मुक्का, मौत, साइकिल थी विवाद की वजह
कुरुक्षेत्र में साइकिल को लेकर भाईयों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बडे भाई ने छोटे की छाती पर मुक्का मार दिया। इससे उसकी अस्पताल में मौत हो गई। कुरुक्षेत्र पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र के बाबैन थाना पुलिस के अंतर्गत गांव बुहावामें साइकिल को लेकर भाईयों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे की छाती में मुक्का मार दिया, जिससे वह बेसुध हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने सीन आफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में केस दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में धाराएं लगाई जाएंगी।
गांव बुहावा निवासी महक पुत्री बलवान सिंह ने बाबैन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पिता व ताऊ जोगराज के बीच किसी बात को लेकर खेतों में झगड़ा हुआ था। मंगलवार सुबह उसके पिता साइकिल लेकर खेतों में गए थे, जब वह वापस आए तो उसके ताऊ जोगराज ने उनके साथ झगड़ा किया कि वह साइकिल लेकर क्यों गया था। उस समय वह और उसकी माता पशु बाड़े गए हुए थे।
जब वह वापस आए तो देखा कि उसके ताऊ ने उसके पिता को नीचे गिराया हुआ था और उसकी छाती पर मुक्के मार रहा थ। उसके पिता की हालत बिगड़ गई, मगर उन्हें कोई अस्पताल में नहीं ले गया। वे अपने स्तर पर पिता को शाहाबाद के अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाबैन थाना पुलिस प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है। पोस्टमार्टम के बाद मामले में धाराएं लगाई जाएंगी। पुलिस मौके के गवाहों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि मामले की गहराई तक जा सके।