Move to Jagran APP

नेपाल से दिल्ली तक कुरियर से ड्रग डील, विदेशी तस्करों का राजधानी ठिकाना

नेपाल के रास्ते वाया पानीपत से दिल्ली में हेरोइन की तस्करी की जा रही है। नाइजीरिया के लोग हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। पंजाब के लुधियाना में भी इसका जाल फैलता जा रहा है।

By Ravi DhawanEdited By: Published: Wed, 20 Feb 2019 12:55 PM (IST)Updated: Wed, 20 Feb 2019 12:55 PM (IST)
नेपाल से दिल्ली तक कुरियर से ड्रग डील, विदेशी तस्करों का राजधानी ठिकाना
नेपाल से दिल्ली तक कुरियर से ड्रग डील, विदेशी तस्करों का राजधानी ठिकाना

पानीपत [विजय गाहल्याण]। नेपाल से लेकर दिल्ली तक ड्रग की डील की जा रही है। विदेशी इस नशे की जड़ को फैला रहे हैं। इन तस्करों ने राजधानी को तस्करी का ठिकाना बनाया है। दिल्ली के लोगों से ड्रग यानी हेरोइन की डील कुरियर के थ्रू करते हैं। इस पर्दे का पर्दाफाश पानीपत पुलिस ने किया। 

loksabha election banner

टोल प्लाजा के पास फरीदपुर मोड़ पर पुलिस ने नाइजीरिया की महिला को 60 लाख रुपये की कीमत की 425 ग्राम हेरोइन (चीटा) सहित गिरफ्तार किया। आरोपित महिला से हेरोइन के छह लड्डू बरामद हुए हैं। वे ये हेरोइन पंजाब के लुधियाना से दिल्ली के विकासपुरी ले जा रही थी। पुलिस ने छह फरवरी को भी टोल प्लाजा के पास दिल्ली की नेहा नामक युवती को 300 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। 

नाकाबंदी करके वाहनों की हो रही थी चेकिंग
थाना शहर प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सीआइए-1 और सेक्टर 6-7 चौकी प्रभारी श्रीभगवान टोल प्लाजा पर नाकाबंदी करके वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही थी। तभी चंडीगढ़ की ओर से पंजाब रोडवेज की बस से कई यात्री उतरे। उनमें से एक महिला भी थी। महिला वहां से दूसरी बस से जाने की फिराक में थी। पुलिस की चेकिंग देख महिला के चेहरे के हाव-भाव बदल गये और वह तेज कदमों से आगे बढऩे लगी। पुलिस टीम को शक हुआ और महिला से पूछताछ की तो वे विदेश भाषा में बात करने लगी। 

 drug dealer

पुलिसकर्मी के साथ ड्रग डीलर।

60 लाख रुपये की 425 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार 
महिला पुलिसकर्मी बुलाकर महिला के हाथ में रखी पॉलीथिन की जांच कराई तो इसमें एक डिब्बा मिला। डिब्बा में कोर्न फ्लैक्स के नीचे तीन साबुत और तीन आधे टूटे सफेद रंग के लड्डू मिले। लड्डू की जांच की तो ये हेरोइन के थे। महिला की पहचान अफ्रीका के नाइजीरिया के अबीदजन निवासी डुओ जौ विरइमी पत्नी आई केची ओकेओलाई के रूप में हुई। डुओ ने बताया कि वह दिल्ली के विकासपुरी में किराये पर रहती है। थाना शहर पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 21 के तहत मामला दर्ज करके आरोपित डुओ जौ को गिरफ्तार किया। आरोपित डुओ जौ को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

हेरोइन के तस्कर नाइजीरिया के
हेरोइन के दर्जनों तस्कर नाइजीरिया के हैं। इनका ठिकाना दिल्ली का मालवीय नगर, तिलक नगर और विकासपुरी है। पंजाब के लुधियाना में भी तस्करों के गुर्गों का जाल फैला है। नशे की खेप वाया नेपाल होते हुए दिल्ली तक पहुंचती है। इन तस्करों के गिरोह में महिलाएं भी शामिल हैं। महिलाओं पर पुलिस शक कम करती है। 

कोरियर की तर्ज पर सप्लाई
हेरोइन की सप्लाई कोरियर की तर्ज पर की जाती है। तस्कर महिलाओं को नशे की खेप देते हैं और जिस स्थान पर नशा भेजा जाना है उसका पता दे दिया जाता है। महिला को यह पता नहीं होता है कि गिरोह का सरगना कौन है। ताकि पुलिस पकड़ भी ले तो सरगना काबू न आ पाये। उसे सिर्फ डिलीवरी भेजने तक रखा जाता है। इस गिरोह से जुड़ी डुओ जौ विरइमी ने एक साल दिल्ली के विकासपुरी के शैलून में कमरा ले रखा है। वहीं से वह नशे की तस्करी के लिए निकल पड़ती थी।

चार घंटे तक भाषा के फेर में पुलिस को उलझाया 
थाना शहर प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि डुओ जौ ने चार घंटे तक स्पष्ट बात नहीं की। उसे काफी समझाया। फिर अंग्रेजी में बात करने पर सहमत हुई और बरगलाती रही कि वह केक बनाने का काम करती है। नशे की तस्करी नहीं करती है। उसे तो दिल्ली में रह रहे एक नाइजीरिया के युवक ने ही फंसाया है। डुओ ने बताया कि उसे युवक ने दिल्ली के आइएसबीटी पर नशे की खेप दी थी। फिर कहती रही कि उसे तो लुधियाना बस अड्डे पर एक व्यक्ति नशा थमा गया। बाद में डुओ हिंदी में भी बातें करने लगी। 

रेव पार्टी करती थी, पति है लुधियाना जेल में
पुलिस ने डुओ जौ के मोबाइल में कई तस्वीर मिली हैं। इसमें वह नाइजीरिया के कई युवकों के साथ रेव पार्टी करती दिख रही है। इन पार्टियों में नशे की सप्लाई भी करती थी। पुलिस का कहना है कि डुओ जौ के पति आई केची भी हेरोइन तस्करी मामले में पंजाब के लुधियाना की जेल में बंद है। डुओ जौ ने बताया कि जेल में पति से मिलने के बाद दिल्ली लौट रही थी। 

तस्करों के नेटवर्क को तोड़ा जाएगा
एसपी सुमित कुमार ने कहा कि दिल्ली से पंजाब के लुधियाना सहित कई शहरों में नाइजीरिया के महिला व पुरुष हेरोइन सप्लाई करते हैं। कई नाइजीरियन युवकों ने स्थानीय युवतियों से शादी भी कर रखी है। इस गिरोह के तीन युवकों की तलाश में पुलिस की दो टीमें दिल्ली के संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही हैं। गिरोह के नेटवर्क को खत्म किया जाएगा। हरियाणा में फिलहाल हेरोइन की सप्लाई की बात सामने नहीं आई है। 

एक किलो की हेरोइन की कीमत पांच करोड़
एसपी सुमित कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में एक किलो हेरोइन की कीमत पांच करोड़ रुपये है। एक ग्राम हेरोइन पांच से दस हजार रुपये में बिकती है। हेरोइन की क्वालिटी अलग-अलग है। उसी के हिसाब से उसकी मार्केट वेल्यू लगती है। ज्यादातर तस्कर हेरोइन को एक ग्राम की पुडिय़ा बनाकर बेचते हैं। 

13 दिन में दो तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ की हेरोइन जब्त 
सीआइए-1 पुलिस 13 दिन में दो महिला तस्करों को गिरफ्तार करके उनसे एक करोड़ रुपये की कीमत की हेरोइन जब्त कर चुकी है। पुलिस गिरोह के सरगना को नहीं पकड़ पाई है। छह फरवरी को पुलिस ने टोल प्लाजा पर दिल्ली के मजनू टीला की नेहा को 300 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। पुलिस नेहा को तीन दिन के रिमांड पर दिल्ली व पंजाब में घुमाती रही, लेकिन नतीजा सिफर रहा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.