वर्ल्ड हेरिटेज कालका शिमला पर सफर करने वाले सैलानियों का सपना अधूरा, अभी नहीं मिलेगी विस्टाडोम कोच की सुविधा
वर्ल्ड हेरिटेज कालका शिमला पर सफर करने वाले सैलानियों का सपना अभी पूरा नहीं होगा। समर सीजन में नहीं मिलेगी विस्टाडोम कोच की सुविधा। अभी इसके लिए इंतजार करना होगा। कांट्रेक्ट में देरी से समय पर आरंभ नहीं हो पाय काम।
अंबाला, [हरिद्रपाल सिंह]। वर्ल्ड हेरिटेज सेक्शन कालका-शिमला पर सफर करने वाले सैलानियों को इस समर सीजन में विस्टाडोम कोच की सुविधा नहीं मिल पाएगी। कांट्रेक्ट में देरी की वजह से कोच बनाने का कार्य लंबित हो गया है और इसे तैयार होने में अभी दो से तीन महीने का समय और लगेगा। पहली बार रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला में नैरोगेज लाइन पर चलने वाली टाय ट्रेन के विस्टाडोम कोच तैयार करने का कांट्रेक्ट मिला है। कांट्रेक्ट पर कार्य समय न मिलने की वजह से प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू नहीं हो पाया।
दिसंबर 2021 में शुरू होने वाला यह प्रोजेक्ट अब छह माह के लिए लेट हो गया है। अब समर सीजन बीत जाने के बाद ही कोच तैयार होने की उम्मीद है। जबकि इस समर सीजन में कालका-शिमला रूट पर यह कोच भेजे जाने थे। पहले नया कोच ट्रायल के लिए भेजा जाएगा। ट्रायल के दौरान जो भी खामियां होंगी, उन्हें दूर किया जाएगा। पहला कोच बनाकर पास होने में कुछ समय लग जाता है। लगभग तीन-चार महीने के भीतर दूसरे कोच तैयार कर लिए जाएंगे।
भेजा गया रिमांडर
अंबाला रेल मंडल द्वारा कोच जल्द से जल्द बनाने के लिए रिमाइंडर भी भेजा गया है। रेल कोच फैक्ट्री के अधिकारियों की मानें तो टेंडर लेट निकाला गया इसलिए समय पर काम शुरू नहीं हो सका।
प्रोजेक्ट के तहत 44 सीट वाले 30 टाय कोच बनाए जाने हैं। यह कोच पारदर्शी होंगे। इन डिब्बों के मुख्य आकर्षण का केंद्र छत और बड़ी शीशे वाली खिड़कियां होंगी। यात्री इसे आसानी से बंद और खोल भी सकेंगे। ये कोच सीसीटीवी कैमरे और फायर अलार्म जैसी आधुनिक सुविधा से लैस होंगे। सेंसर द्वारा दरवाजे आटोमेटिक बंद और खुल सकेंगे। साथ ही सीट भी 180 डिग्री पर घूम सकेगी।
तीन हजार से अधिक सैलानी करते हैं सफर
कालका-शिमला वल्र्ड हेरिटेज सेक्शन की खूबसूरती व प्राकृतिक सौंदर्य देखने के मकसद से समर सीजन में दो से तीन हजार सैलानी टाय ट्रेनों में सफर करते हैं। कालका-शिमला सेक्शन के लिए दिल्ली स्थित मुख्यालय द्वारा 30 विस्टाडोम कोच की मांग थी। इसके बाद आरसीएफ कपूरथला को कोच बनाने का वर्क हैंडओवर किया गया।
तैयार किया जा रहा ट्रायल कोच
दिल्ली से कोच बनाने का टेंडर देरी से जारी किया गया। इस कारण काम में देरी हो गई। पहले ट्रायल कोच तैयार किया जाएगा और इसे पास करवाने के लिए भेजा जाएगा। पास होने पर ही अन्य कोच तैयार किए जाएंगे। इसमें कुछ समय लग सकता है।
जीतेश कुमार, प्रवक्ता, आरसीएफ कपूरथला।