टावर लगाने के विरोध में निगम पर महिलाओं का प्रदर्शन
महिलाओं के रोष को देखते हुए नगर निगम आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि मौके पर बिल्डिग इंस्पेक्टर को भेजा जाएगा।
जागरण संवाददाता, पानीपत :
देशराज कॉलोनी की महिलाओं ने टावर लगाने के विरोध में नगर निगम पर रोष प्रदर्शन किया। कॉलोनी में महालक्ष्मी फर्निसिंग वाली गली में बुधवार रात को मोबाइल टावर लगा दिया। पहले भी कॉलोनी में टावर लगाने आई टीम का विरोध किया गया था। विरोध के चलते टावर नहीं लग पाया था। देर रात में यह टावर लगाया गया। महिलाओं के रोष को देखते हुए नगर निगम आयुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि मौके पर बिल्डिग इंस्पेक्टर को भेजा जाएगा। यदि बिना अनुमति लिए टावर लगाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
कॉलोनी की महिला खजानी, राजबाला ने बताया कि प्रवीण शर्मा ने यह टावर लगवाया है। गली में पहले अवैध रूप से सबमर्सिबल भी प्रवीण शर्मा ने लगवाया था। निगम ने सुनवाई नहीं की तो कॉलोनी वासी इस टावर को तोड़ेंगे। रोष प्रदर्शन करने वालों में कविता शर्मा, सुषमा, पूनम, कविता, सुनीता, सविता, मीना शामिल रहीं।