विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग, किसानों का शुगर मिल गेट पर आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरू

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

किसान संगठनों ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर पानीपत शुगर मिल परिसर में पंचायत की। उन्होंने वीरवार से मिल के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का फैसला किया है।

चीनी मिलों पर किसानों का प्रदर्शन। फोटो जागरण

चीनी मिलों पर किसानों का प्रदर्शन। फोटो जागरण

HighLights

  1. गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग।

  2. पानीपत शुगर मिल गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू।

  3. 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास का घेराव।

संवाद सहयोगी, इसराना (पानीपत)। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसान संगठनों ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। बुधवार को हरियाणा सांझा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले पानीपत शुगर मिल परिसर में किसान पंचायत हुई। इसमें सर्वसम्मति से वीरवार से मिल के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरने का फैसला लिया। चेतावनी दी गई कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

पंचायत की अध्यक्षता भाकियू के पूर्व जिला प्रधान एवं एसकेएम पानीपत तालमेल कमेटी के प्रधान जयकरण कादियान ने की। इसमें भाकियू प्रदेशाध्यक्ष रतन मान, भाकियू (घासी राम नैन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जोगिंद्र नैन, अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश दहिया, किसान सभा के प्रदेश महासचिव सुमित दलाल और जिला अध्यक्ष डा. सुरेंद्र मलिक सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।

एक मंच पर आकर संघर्ष कर रहे किसान

कांग्रेस नेता एवं किसान धर्मबीर मलिक उग्राखेड़ी ने भी पार्टी की ओर से आंदोलन को समर्थन दिया। पंचायत के बाद किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन शुगर मिल के गन्ना विभाग के अधिकारी कर्मवीर और अरविंद कुमार को सौंपा। इसमें गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई गई।

किसान नेताओं ने कहा कि प्रदेश की विभिन्न शुगर मिलों पर गन्ने के भाव में बढ़ोतरी को लेकर आंदोलन चल रहे हैं। सभी किसान संगठन एक मंच पर आकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने जिले के किसानों से दो दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास के घेराव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।