माता वैष्णों देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस से टकराया कैंटर, महिला सहित दो की मौत
नेशनल हाइवे पर पंट्टीकल्याणा के नजदीक टमाटर से भरे कैंटर व बस में टक्कर हो गई।
जागरण संवाददाता, समालखा
नेशनल हाइवे पर पंट्टीकल्याणा के नजदीक टमाटर से भरे कैंटर व मिनी बस के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार एक महिला सहित दो की मौत हो गई। चौदह लोग जख्मी हो गए। घटना शुक्रवार रात डेढ़ बजे की है।
नवीन कुमार ने बताया कि वह गांव शिमला रामपत बहरोड, राजस्थान का रहने वाला है। हाल में गांव पालम, दिल्ली में रह रहा है। शुक्रवार की रात को उनकी पड़ोसी व मौसी रोशनी पंजाब नंबर की मिनी बस से माता वैष्णों देवी के दर्शन करने जाने के लिए निकले थे। रात डेढ़ बजे के करीब पंट्टीकल्याणा के पास 70 माइल स्टोन ढाबा के पास पहुंचे, तभी दिल्ली जाने वाली लेन से टमाटर से भरा कैंटर उतरकर उनकी लेन पर आकर बस से टकरा गया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर पलट गए। बस में सवार उसकी मौसी रोशनी व कैंटर में ऊपर बैठे व्यापारी यमुनानगर के गांव नाचरोन के 28 वर्षीय अकबर अली की वाहन के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 15 वर्षीय तमन्ना, 20 वर्षीय अभिषेक, 30 वर्षीय नीलम, 38 वर्षीय अनीता, 24 वर्षीय सचिन, 44 वर्षीय महेश, 52 वर्षीय सुभाष, 23 वर्षीय आशु, 15 वर्षीय अमन, 9 वर्षीय खुशी वासी गांव पालम दिल्ली व 34 वर्षीय सुनीता, 50 वर्षीय सुंदर, 17 वर्षीय सिमरन वासी जोशी चौहान निवासी व एक अन्य जख्मी हुआ। सभी को सिवाह के पास पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुमित व उसकी बहन बाल-बाल बच गए। बस में सत्रह लोग सवार थे। जांच कर्मी एएसआइ रमेश कुमार ने बताया कि मामले में नवीन वासी पालम दिल्ली के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया है। चालक मौके से फरार हो गया। हाईवे पर बिखरे टमाटर :
टमाटर से भरा कैंटर यमुनानगर से दिल्ली जा रहा था। 70 माइल स्टोन ढाबा के पास ही अचानक हादसा हो गया। दिन भर हाईवे पर टमाटर बिखरे रहे।