दोस्त के लिए खाना लेकर जा रहा था, पर उसे मौत ले गई
पानीपत में सिवाह के पास हादसे में एक युवक की मौत। परिवार में सबसे बड़ा था। उससे छोटा एक भाई और एक बहन। रातभर शव चौटाला रोड पर पड़ा रहा। सुबह लोगों ने देखा। पुलिस को सूचित किया। दोस्त भी करता रह गया इंतजार।
पानीपत, जेएनएन - उसे क्या पता था कि दोस्त के लिए खाना ले जाते समय रास्ते में उसे ही मौत ले जाएगी। अगर दोस्त के लिए खाना नहीं ले जाना होता तो हादसे का शिकार नहीं होता। पर होनी को यही मंजूर था। दोस्त के लिए खाना ले जाते समय एक युवक की हादसे में मौत हो गई। रातभर दोस्त इंतजार करता रहा। सुबह पता चला कि उसके दोस्त की मौत हो गई है। हादसा पानीपत में सिवाह के पास चौटाला रोड पर हुआ।
सिवाह के पास फैक्ट्री में काम करता था 19 वर्ष का सोनू। ऊझा गांव का सोनू फैक्ट्री के पैकिंग विभाग में काम करता था। वहीं पर उसका एक दोस्त भी काम करता है। रात को सोनू घर आ गया। दोस्त को रात को फैक्ट्री में काम करना था। सोनू ने खुद घर पर खाना खाया और दोस्त से कहा कि वह उसके लिए खाना ले आएगा। फिर रात को वह भी वहां रुक जाएगा। ओवरटाइम कर लेगा।
रात नौ बजे निकला था
सोनू रात करीब नौ बजे घर से निकला। चौटाला रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। सोनू बाइक पर था। हादसा इतना भीषण था कि उसकी वहीं सड़क पर मौत हो गई। हादसा करने वाला वहां से फरार हो गया। रात को किसी को इस हादसे का पता नहीं चल सका।
सुबह फोन से हुई पहचान
सुबह लोगों ने एक शव सड़क पर देखा। पुलिस को सूचित किया। फोन में मिले नंबर पर काल की तो स्वजनों को पता चला कि सोनू हादसे का शिकार हो गया है। स्वजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
सबसे बड़ा भाई था
सोनू परिवार में बड़ा भाई था। उससे छोटा एक भाई और एक बहन है। पिता भी एक फैक्ट्री में काम करते हैं। सिविल अस्पताल में स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हर कोई उन्हें संभाल रहा था।