झारखंड की किशोरी को बिकवाने वाला बिचौलिया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, पानीपत : झारखंड की किशोरी को बिकवाने में बिचौलिये की भूमिका निभाने
जागरण संवाददाता, पानीपत : झारखंड की किशोरी को बिकवाने में बिचौलिये की भूमिका निभाने के आरोपी इद्दू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। किशोरी वापस अपने पैतृक गांव जा चुकी है। पुलिस अब किशोरी को बेचने वाले तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपियों पर मानव तस्करी सहित अन्य आरोप हैं।
21 दिसंबर, 2015 को दिल्ली की एक समाजसेवी संस्था ने सींक गांव से झारखंड की किशोरी बरामद की थी। किशोरी करीब 20 दिन बाल अनाथालय में रही। किशोरी ने वापस अपने पैतृक गांव जाने की इच्छा जताई थी। प्रशासन ने उसको वापस उसके गांव भेज दिया था। किशोरी को बेचने के मामले में मतलौडा पुलिस ने मानव तस्करी सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर रखा है। सींक गांव के अनिल के घर से किशोरी बरामद हुई थी। पुलिस ने सबसे पहले उसको गिरफ्तार किया था। प्राथमिक जांच में पता चला कि अनिल ने मुरथल से किशोरी खरीदी थी। खरीद-फरोख्त में मुरथल के इद्दू ने बिचौलिये की भूमिका निभाई थी। मुरथल से आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया। पुलिस ने अदालत से आरोपी का 2 दिन का रिमांड हासिल किया। पुलिस झारखंड के रहने वाले तीसरे आरोपी के ठिकानों का पता लगाने का प्रयास करेगी। मतलौडा थाना एसएचओ धर्मबीर का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रही है।