मृतका की बेटी के संपर्क में आने से बैंक कर्मी संक्रमित, अंबाला में 4 नए कोरोना संक्रमित
अंबाला चार नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें से मृतका की बेटी के संपर्क में आने से बैंक कर्मी संक्रमित हुआ। अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 375 हो गई हैं।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। मृतका की बेटी के संपर्क में आने से बैंक कर्मी पॉजिटिव हो गया। वहीं एक अन्य युवक के संपर्क में आने से दो वर्षीय बच्चा पॉजिटिव हो गया। इस कारण जिला में सोमवार को कुल चार पॉजिटिव केस आये। स्वास्थ्य विभाग ने मामले सामने आने के बाद अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। जहां आस-पास एरिया के लोगों के सैंपल लिये और लोगों को घरों में क्वारंटाइन कर दिया गया। बता दें कि जिले में रिकॉर्ड 678 सैंपल लिये गये। प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 14493 सैंपल लिये गये। रिकवरी रेट 84.0 फीसदी हो गई है और मृत्यु दर 1.25 फीसदी है। सिविल सर्जन ने अपनी टीम के साथ अंबाला शहर और छावनी के अस्पताल का निरीक्षण किया। साथ में कोविड 19 के इंतजामों का जायजा लिया। 4 पॉजिटिव केस और आने के बाद कुल मरीजों की संख्या 375 हो गई है। अब कुल एक्टिव मरीज 56 है। अब तक 4 की मृत्यु हुई है।
-इन जगहों पर आये नये केस
-62 वर्षीय पुरुष अंबाला शहर के इंद्रपुरी का रहने वाला है। इस मरीज की सिविल अस्पताल शहर में सर्जरी होनी थी। जिसके चलते टेस्ट करवाया गया था।
-36 वर्षीय पुरुष बराड़ा का रहने वाला है। यह मरीज छावनी के प्राइवेट नर्सिंग होम में काम करता है।
-29 वर्षीय युवक कोरवा खुर्द, शहजादपुर का रहने वाला है। यह मरीज पहले से आये पॉजिटिव मरीज का संपर्क है।
-2 वर्षीय बच्चा गुरुनानक नगर छावनी का रहने वाला है। यह बच्चा भी पॉजिटिव मरीज का संपर्क है।
19217 लोगों की स्क्रीन की गई
10 मोबाइल टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर 652 व्यक्तियों का चेकअप किया। मोबाइल टीमों ने कुल 488362 लोगों का निरीक्षण किया। छावनी में 19 और शहर में 3 व्यक्तियों के सैंपल रेलवे स्टेशन पर उतरते समय लिये गये। साथ में यात्रियों को खुद को घर में आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी। आइएलआइ के लक्षण वाले 23 मरीज मिले जिनके सैंपल लिये गये। 103 कंटेनमेंट जोन में टीमों ने सर्वे कर 19217 लोगों की स्क्रीन की और 97 लोगों के सैंपल लिये गये।
नर्सिंग होम में काम करता था युवक
कस्बा के सिंहपुरा मोहल्ला में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने पर कंटेनमेंट जोन बनाकर सील कर दिया है और एमएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 32 वर्षीय युवक छावनी के एक निजी अस्पताल में काम के लिए रोजाना आना-जाना करता था। एसडीएम बराड़ा व तहसीलदार ने कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। डा.बीरबल एसएमओ ने बताया कि जानकारी जुटाई जा रही है कि युवक किसी के संपर्क में तो नहीं आया।