यमुनानगर में ज्याेतिषाचार्य का कर दिया था कत्ल, अब दो साल बाद दोषी को उम्रकैद की सजा
यमुनानगर में दो साल पहले 2020 में ज्योतिषाचार्य का कत्ल कर दिया गया था। रंजिश की वजह से दोषी ने वारदात को अंजाम दिया था। अब दो साल बाद कोर्ट ने फैसला सुनाया। दोषी को उम्रकैद व 25 हजार जुर्माना।
जगाधरी (यमुनानगर), संवाद सहयोगी। रंजिश के चलते चाकू मारकर ज्योतिष आचार्य की हत्या करने के दोषी को सजा सुनाई गई। भारत सेवक नगर के रमन कुमार को कोर्ट ने उम्रकैद व पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न देने पर दो साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी पडे़गी। फैसला जिला एवं सत्र न्यायधीश शालिनी सिंह नागपाल की कोर्ट ने सुनाया है।
शहर जगाधरी पुलिस ने दो नवंबर 2020 को रायपुरयान गली निवासी राजीव कुमार की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में राजीव कुमार ने कहा था कि उसकी रेलवे रोड जगाधरी में कपडे़ की दुकान है, जबकि उसके पिता ईश्वर दत्त, ज्योतिष का काम करते थे। बूडिया चौक जगाधरी निवासी रमन कुमार, अक्सर उसके पिता के पास जन्मपत्री दिखाने व अन्य काम के लिए आता था। करीब छह साल पहले किसी बात को लेकर रमन की उसके पिता के साथ कहासुनी हुई थी। जिसके बाद रमन उसके पिता से रंजिश पाले हुए था।
करीब पांच साल पहले रमन, उसके पिता को मारने की नीयत से हाथ में कुल्हाडी लेकर उनकी दुकान पर पहुंच गया था। पडो़सियों ने बीच बचाव कर मामले को निपटाया था। बावजूद इसके रमन उसके पिता को देख लेने की धमकी दी थी। दो नवंबर को करीब साढे़ 11 बजे उसके पिता चाय पीने लिए घर गए थे। कुछ देर बाद सूचना मिली कि रायपुरयान भीड़ वाली गली में रमन के साथ झगडा़ हो गया।
जब वह मौके पर पहुंचा, तो रमन उसके पिता पर चाकू से हमला कर रहा था। आसपास की महिलाएं उसके पिता को छुड़वा रही थी। उसे देखकर रमन मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में ईश्वर दत्त को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।