रणदीप सुरजेवाला बोले- भाजपा नेताओं को हो गया है अहम और वहम panipat news
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा लूट झूठ और फूट की राजनीति करती है। भाजपा नेताओं को वहम और अहम हो गया है। इसका इलाज नरवाना के लोगों को करना आता है।
जेएनएन, पानीपत : कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ऐसा बयान दे दिया कि राजनीतिक गलियों में चर्चा बन गया है। उन्होंने भाजपा सरकार को घमंडी और वहमी बता दिया। इतना ही नहीं उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार में ऐसी कोई परीक्षा नहीं जिसमें पेपर लीक नहीं हुआ हो। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जींद के नरवाना में एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा लूट, झूठ और फूट की राजनीति करती है। भाजपा नेताओं को वहम और अहम हो गया है। इसका इलाज नरवाना के लोगों को करना आता है।
चौटाला का वहम निकाला था, अब मनोहर का भी निकालेंगे
नरवाना की जनता ने चौटाला का वहम निकाल दिया था। अब मनोहरलाल का बहम निकालना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच वर्षो में प्रदेश को कई वर्ष पीछे धकेल दिया है। किसानों को आज फसल बेचने में दिक्कत आ रही है। आज प्रदेश का कर्मचारी, किसान, गरीब, पिछडा वर्ग सहित हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है।