Haryana Panipat Weather Update: हरियाणा सहित उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं का कहर, 14 के बाद जानिए कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा के करनाल सहित पानीपत में बर्फीली हवाओं का कहर जारी है। करनाल में अधिकतम तापमान गिरावट के साथ 12.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। वहीं 14 जनवरी को शीत लहर व धुंध से आशिंक राहत मिल सकती है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्र में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर खत्म होने के बाद अब बर्फीली हवाओं का प्रकोप मैदानी क्षेत्रों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत एनसीआर में बीते 24 से 48 घंटों के दौरान कई जगहों पर दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। जिसके कारण दिन में शीतलहर जैसे हालात बन गए। 14 जनवरी से पहले शीत लहर से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वर्तमान मौसमी स्थितियां कम से कम 14-15 जनवरी, 2021 तक बनी रहेंगी। जिससे दिन में खिली धूप के बावजूद बर्फीली हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा। दिन के तापमान में इसी तरह की गिरावट बनी रहेगी। दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी शहरों में न्यूनतम तापमान में भी और गिरावट होने की संभावना है। धीरे-धीरे इन उत्तर पश्चिमी सर्द और शुष्क हवाओं का प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक पहुंचेगा और इन क्षेत्रों में भी दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
शिमला से भी ठंडा करनाल
करनाल शहर शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा। करनाल में अधिकतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 6.0 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरावट के साथ 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शिमला का अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जनवरी माह में ठंड का आखिरी स्पेल, रिकार्ड तोड़ सकती है ठंड
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम विशेषज्ञ डा. डीएस बुंदेला के मुताबिक जनवरी में इस समय ठंड का आखिरी स्पेल है। दिन व रात की ठंड दोनों ही रिकार्ड तोड़ सकती है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, इससे नीचे तापमान जाने के बाद पाला जमने की संभावना बढ़ जाती है। दिन के तापमान में भी रिकार्ड गिरावट देखने को मिल रही है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें