हरियाणा में एक हजार आयुष सहायकों की भर्ती होगी
प्रदेश में योग प्रशिक्षण शिविर शुरू सीएम मनोहरलाल ने किया शुभारंभ। पानीपत में पहुंचे मुख्यमंत्री। सीएम ने कहा छह हजार स्कूलों में सात दिवसीय शिविर लगाया जाएगा। प्रशिक्षित होकर शिक्षक बाद में बच्चों को योग सिखाएंगे। पहले चरण का कैंप शुरू हुआ।
पानीपत, जेएनएन - मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि स्कूलों में योग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक हजार आयुष सहायकों की भर्ती होगी। अब तक 560 व्यायामशालाएं स्थापित की गई हैं। इसके अतिरिक्त 600 व्यायामशालाएं और स्थापित की जाएंगी। सीएम ने ये बात राजकीय स्कूलों के शिक्षकों को योग सिखाने के लिए लगाए गए शिविर के शुभारंभ अवसर पर पानीपत से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कही। पानीपत में ही सीएम ने पार्टी के नए बनने वाले जिला कार्यालय का भी शिलान्यास किया। हरियाणा में अब तक सात जिला कार्यालयों का उद्घाटन हो चुका है। सात का शिलान्यास हो चुका है।
हरियाणा स्कूल परियोजना परिषद एवं हरियाणा योग परिषद के संयुक्त तत्वावधान में तीन चरणों में छह हजार स्कूलों में सात दिवसीय यह शिविर लगाया जाएगा। सीएम ने इसी दौरान कहा कि कोरोना काल में योग साधना, व्यायाम साधना, प्राणायाम बहुत लाभदायक रहे हैं। योग से कर्म में कुशलता आती है। पहले चरण में 2200 अध्यापकों को योग में प्रशिक्षित किया जाएगा।
खंड से राज्य तक अभियान
अब समय आ गया है कि हर व्यक्ति योग अपनाए। संयुक्त राष्ट्र संघ ने योग को मान्यता दी है। आज विश्व के 200 देश योग को अपना रहे हैं। यही कारण है कि योग आज विश्व विख्यात हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग मनुष्य को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में सहायक है। योग के माध्यम से ही जीवन के तनाव व चिंताओं से पार पाया जा सकता है। योग से संबंधित प्रतियोगिताएं खंड से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित की जाएंगी।
योग परिषद का गठन
वीडियो कांफ्रेंस में यमुनानगर से जुड़े शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन और आत्मा निवास करते हैं। योग भारत की पहचान रहा है। बच्चों को चरित्रवान बनाने के लिए योग जरूरी है। हरियाणा योग परिषद के चेयरमैन डा.जयदीप आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा योग को बढ़ाने के लिए योग परिषद का गठन किया गया है।