सांसद खेल स्पर्धा में दिखा सीएम मनोहर लाल का अनोखा अंदाज, मैराथन में खिलाड़ियों के साथ लगाई दौड़
कुरुक्षेत्र में सांसद खेल स्पर्धा के शुभारंभ के मौके पर सीएम मनोहर लाल का अलग अंदाज देखने को मिला। सीएम ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सीएम ने खुद खिलाड़ियों के साथ दौड़ भी लगाई।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार की सुबह ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश की पहली सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ किया। मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री स्वयं युवाओं के साथ दौड़े और उनमें जोश भरा। उन्होंने कहा कि बेशक शरीर से आयु ज्यादा हो गई है लेकिन मन से वह अभी भी युवा हैं।
इससे पहले उन्होंने खेलो इंडिया के थीम सांग को लांच किया और युवाओं को भी 4 जून से शुरू हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मुकाबले देखने के लिए पंचकुला आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि देश के युवा 24 कैरेट सोना है और मेरे प्रदेश के युवा 24 कैरेट का डायमंड हैं।
खेलने से एक नहीं कई लाभ मिलते हैं
सीएम ने प्रदेश की युवा पीढ़ी को राष्ट्र भक्ति का संदेश देते हुए कहा कि खेलने से एक नहीं कई लाभ मिलते हैं। खिलाड़ी खेलों में हिस्सा लेकर अपने शरीर को स्वस्थ रखता है और पदक जीतकर अपने माता-पिता, गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन करता है। उन्होंने कहा कि खेल अच्छी प्रतिस्पर्धा, संगठन शक्ति सिखाते हैं और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शब्द को उल्टा करें तो वायु बनता है। दोनों ही सही दिशा और गति से आगे बढ़ें तो दोनों लाभदायक है।
आओ मिलकर देश के लिए काम करें
उन्होंने युवाओं से कहा कि आओ मिलकर देश के लिए काम करें, मिलकर आगे बढ़ें और आज ये संदेश लेकर जाएं की हमें खेलों व तकनीकी के साथ जुड़ना है। हमें सक्षम और सार्थक बनना होगा और युवा पीढ़ी को मिल्खा सिंह से प्रेरणा लेनी होगी। इसके बाद उन्होंने पुरुषोत्तमपुरा बाग से करीब 500 मीटर तक ब्रह्मसरोवर के किरमिच रोड की ओर बने द्वार तक दौड़ लगाई। उनके साथ खेल मंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सिंह सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर, उपायुक्त मुुकुल कुमार, युवा भाजपा नेता साहिल सुधा ने भी दौड़ लगाकर युवाओं में जोश भरा।