सीएम मनोहर लाल ने कहा, Congress नेतृत्व विहीन पार्टी Panipat News
सीएम मनोहर लाल भापरा स्टेडियम में पार्टी प्रत्याशी शशिकांत कौशिक के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करने पहुंचे।
पानीपत, जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दशहरा की शुभकामनाएं देकर मंच से ही विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व विहीन पार्टी है। इसका कोई वजूद नहीं रहा। कांग्रेस समेत दूसरे दलों के अच्छे लोग भाजपा में आ रहे हैं। भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर अन्याय को खत्म किया था। जनता भी उनके बताए रास्ते पर चले। वह भापरा स्टेडियम में पार्टी प्रत्याशी शशिकांत कौशिक के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने कांग्रेस के पूर्व युवा प्रदेशाध्यक्ष संजय छौक्कर के भाई मदन छौक्कर समेत एक दर्जन लोगों को पार्टी में शामिल कराया। लोसुपा के समालखा से घोषित प्रत्याशी भरत सिंह छौक्कर का भी पार्टी में स्वागत किया। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश पहले का संदेश दिया है। उनके संदेश को हर व्यक्ति को अपनाना होगा। पीएम ने पाकिस्तान में आंतकवादी बनाने वाली फैक्ट्रियों को खत्म कर दिया। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाकर हरियाणा प्रदेश के फौजियों को शहीद होने से बचा लिया है।
मनोहर ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सोच में बड़ा फर्क है। जनता न्याय और अन्याय का समझती है। आज सीएम को ही नहीं सबको ईमानदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के कांग्रेस प्रत्याशी भारत माता की बजाय सोनिया माता की जय बोलते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र जल्द ही लाया जा रहा है। इसमें सरकार हर परिवार को माना गया है। इससे पहले सोनीपत सांसद रमेश कौशिक, शशिकांत कौशिक और सफीदो से विस प्रत्याशी बच्चन सिंह आर्य ने रैली को संबोधित किया।