सीएम ने टटोली नब्ज, सोशल मीडिया पर भाटिया को टिकट
मुख्यमंत्री मनोहरलाल होली के दिन स्काईलार्क रिसोर्ट पहुंच गए। ग्रामीण हलका के विधायक महीपाल ढांडा और शहर की विधायक रोहिता रेवड़ी उनसे मिलने पहुंचे। संजय भाटिया के नाम पर चर्चा।
पानीपत, जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहर लाल होली के दिन अचानक स्काईलार्क रिसोर्ट पहुंच गए। उनके आने की जानकारी लगते ही ग्रामीण हलका के विधायक महीपाल ढांडा और शहर की विधायक रोहिता रेवड़ी उनसे मिलने पहुंचे। उनके अलावा पार्टी के कई अन्य नेता भी वहां आ गए। बताया जा रहा है कि सीएम ने चाय के साथ नेताओं से करनाल लोकसभा के संभावित उम्मीदवारों पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल से दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने जीटी रोड स्थित टोल पर आते ही गाड़ी को शहर से ले जाने को कहा। वे यहां से सीधे स्काईलार्क रिसोर्ट पहुंचे। उन्होंने नेताओं व कार्यकर्ताओं को होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली का रंग खुशियों वाला होता है। कार्यकर्ता इन रंगों के साथ प्रदेश व देश को फिर से भगवा में रंग दें।
संजय भाटिया को सोशल मीडिया ग्रुप में टिकट मिलने का दावा
शहर के सोशल मीडिया ग्रुप में वरिष्ठ नेता संजय भाटिया को करनाल लोस की टिकट देने की चर्चाएं और दावे किए जा रहे हैं। कई नेताओं ने दावा किया कि वे सबसे प्रबल दावेदार हैं। उनको लोकसभा का टिकट मिलने पर पार्टी को मजबूती मिलेगी। वहीं शहर के अग्रवाल लोकसभा टिकट पर अपने दावेदारी जता रहा है। समाज के लोगों ने बैठक बुलाई है।