जब मुख्यमंत्री ने ताऊ को कह दिया- नहीं करूंगा साइन, हुड्डा इसी वजह से जेल गया
मुख्यमंत्री मनोहरलाल लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान 80 वर्षीय सुखलाल ने उन्हें एक कागज थमाया और साइन करने की मांग की। नौकरी और पीएम से मिलना चाहता था।
पानीपत, जेएनएन। मुख्यमंत्री मनोहरलाल जींद में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। एकाएक एक बुजुर्ग व्यक्ति वहां पहुंच गया। एक कागज थमाते हुए साइन करने की मांग करने लगा। बुजुर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना चाहता था। बताया यह भी जा रहा है कि वह पौत्र की नौकरी लगवाने की बात कह रहा था। इस पर मनोहर लाल ने कहा कि मन्नै चार साल म्ह कदे साइन नहीं करे। हुड्डा भतेरे साइन करग्या, जेल म्ह जावैगा। मैं साइन नहीं करया करदा।
यह कहते हुए मुख्यमंत्री ने कागज अपने स्टाफ को पकड़ा दिए। इससे नाराज बुजुर्ग ने अपने कागज वापस मांग लिये। साथ ही सीएम से सवाल किया कि आप नहीं करते तो फेर साइन कूण करैगा। इस पर सीएम ने कहा कि अधिकारी साइन करेंगे। तब बुजुर्ग को शांत करने के लिए डीसी ने कागज पर साइन किए।
शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री ने जिले में 12 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर 46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने एवं अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। फिलहाल 750 नए डॉक्टर हर साल प्रदेश को मिल रहे हैं। अगले कुछ वर्षो में इस संख्या को बढ़ाकर दो हजार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।