चैंबर के चुनाव में खंडेलवाल का नामांकन, शक्ति प्रदर्शन
हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स, चैप्टर पानीपत के प्रधान पद के लिए विवेक गर्ग का विनोद खंडेलवाल से सीधा मुकाबला होगा।
जागरण संवादददाता, पानीपत :
हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स, चैप्टर पानीपत के प्रधान पद के लिए विवेक गर्ग का विनोद खंडेलवाल से सीधा मुकाबला होगा। शनिवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तक दो ही नामांकन दाखिल हुए। शनिवार को विनोद खंडेलवाल ने शाम साढ़े चार बजे चुनाव अधिकारी पंकज कपूर की सेक्टर 29 स्थित फैक्ट्री में नामांकन दाखिल किया। खंडेलवाल 60 सदस्यों को साथ लेकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
नामांकन दाखिल करने से पहले विनोद खंडेलवाल तथा उनके समर्थक सदस्य राजबिलास गार्डन में इकट्ठा हुए। वहां से चार बजे कपूर की फैक्ट्री में पहुंचे। चैंबर के पूर्व ज्वाइंट सेक्रेटरी विवेक गर्ग ने शुक्रवार को सदस्यों के साथ नामांकन दाखिल किया था। चुनाव लड़ने के दूसरे दावेदार मोहन गर्ग, विनोद खंडेलवाल को समर्थन में बैठ गए थे। विनोद खंडेलवाल चैंबर के पूर्व महासचिव रहे चुके हैं। चैंबर के निवर्तमान प्रधान सरदार प्रीतम अपने खासमखास विवेक गर्ग को चुनाव लड़ा रहे हैं।
चुनाव अधिकारी पंकज कपूर ने बताया कि विवेक गर्ग तथा विनोद खंडेलवाल ने ही नामांकन फार्म भरा है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 29 मई है तथा 11 जून को चुनाव होना है। चुनाव में 202 मतदाता करेंगे वोट
हरियाणा चैंबर आफ कामर्स में 202 सदस्य हैं, जिन्हें वोट देने का अधिकार है। मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है। दोनों प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। पाइट संस्कृति स्कूल में चुनाव करवाया जाएगा। चुनाव 11 जून को होगा। नामांकन के बहाने शक्ति प्रदर्शन
दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। पहले दिन विवेक गर्ग के साथ चैंबर के जो सदस्य पहुंचे, उनमें से कुछ सदस्य विनोद खंडेलवाल के साथ भी नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे। भीम राणा, नितिन अरोड़ा, श्रीभगवान अग्रवाल, सुरेश गुप्ता, सुरेश गुगलानी दोनों के साथ नामांकन भरने पहुंचे। दोनों के साथ पहुंचे सदस्यों ने बताया कि हमारे दोनों से संबंध हैं। हम किसी को नाराज नहीं करना चाहते हैं। किसी से व्यापारिक तो किसी से सामाजिक अथवा पारिवारिक संबंध हैं। वोट किसे डालें, यह भी समस्या बनी हुई है।
विनोद खंडेलवाल के साथ नामांकन दाखिल करने जाने वालों में मुख्य रूप से रमेश वर्मा, तरुण गांधी, विनोद धमीजा, शशि चड्ढा, मोहन लाल गर्ग, ईश्वर गोयल, संदीप मनचंदा, राजेंद्र खुराना, मनीष अग्रवाल, तिलक शर्मा, विष्णु गोयल, सुरेश गोयल, नितिन अरोड़ा, नवीन गुलाटी, जेएस धमीजा, हरिओम गुप्ता, सरदार धर्मजीत, किशन गुलाटी, सतीश गुप्ता व अन्य शामिल रहे। वोट मांगने लिए समर्थक भी कूदे मैदान में : विनोद खंडेलवाल तथा विवेक गर्ग के समर्थक तथा विरोधी भी चुनाव प्रचार में जुट गए। राजनीतिक गलियारों में भी इस चुनाव पर नजरें हैं। हरियाण चैंबर आफ कामर्स शहर की सबसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्था है। प्रीतम ने कहा, विनोद मेरे गुरु
चैंबर के निवर्तमान प्रधान सरदार प्रीतम सिंह ने कहा कि विनोद खंडेलवाल उनके गुरु हैं। उनसे ही उन्होंने चैंबर का काम सीखा लेकिन राजनीति नहीं सीख पाए। चुनाव के स्थान पर प्रत्याशियों के बीच बहस होनी चाहिए। इसमें विजेता को प्रधान बनाया जाना चाहिए। इससे चैंबर में प्रतिभाशाली व्यक्ति को काम करने का मौका मिलेगा, जिससे चैंबर की प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्याशी विवेक गर्ग के साथ सभी उद्योगपति थे। विनोद खंडेलवाल ने सभी सदस्यों को नामांकन दाखिल करने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन 40-42 लोग ही पहुंचे। सुलह का करेंगे प्रयास
भीम राणा ने कहा कि दोनों पक्षों में सुलह का प्रयास करेंगे। एक दोनों पक्ष मानते हैं तो एक को प्रधान तथा एक को महासचिव बनाया जा सकता है।