किसान पर दर्ज केस वापस हो, नहीं तो नए साल पर सीएम सिटी में देंगे सामूहिक गिरफ्तारी
असंध रोड स्थित किसान भवन में प्रदेश स्तरीय किसान पंचायत हुई। अध्यक्षता भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने की। पंचायत में किसानों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : असंध रोड स्थित किसान भवन में प्रदेश स्तरीय किसान पंचायत हुई। अध्यक्षता भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने की। पंचायत में किसानों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही किसानों ने प्रदेश की जजपा भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
भाकियू प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनका उत्पीड़न कर रही है। पराली जलाने के आरोप में किसानों को तंग किया जा रहा है। सरकार की किसान विरोधी नीतियां बर्दाश्त नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि पराली जलाने के आरोप में किसानों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग को लेकर 26 नवंबर को जींद में प्रदर्शन कर सरकार को 31 दिसंबर तक का वक्त दिया है। नहीं तो एक जनवरी को करनाल में हजारों किसान सामुहिक गिरफ्तारी देंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं की डयूटी लगाई गई है। मान ने कहा कि गन्ना मिल चल चुकी हैं। लेकिन सरकार ने गन्ने के भाव में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। उन्होंने कहा कि सरकार चालू सीजन गन्ने का भाव 400 रुपए प्रति क्विंटल करे। क्योंकि गन्ने पर लेबर खर्च 15-20 रुपये तक बढ़ चुका है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन, भूप सिंह दलाल, सचिव श्याम सिंह, जयकरण कादियान, सुमेर सिंह, जगबीर सिंह, यशपाल करनाल, बलविद्र जेनपुर, बनी सिंह, छज्जूराम कंडेला, बारूराम, प्रदीप मिर्चपुर, ऋषिपाल नांदल, ओमप्रकाश जाटल, बलजीत राठी, सत्यनारायण बांगड, भीम सिंह, अशोक कुमार भिवानी, बलवंत सिंह मौजूद रहे।