यमुनानगर में लव जिहाद का मामला, युवक डरा धमकाकर युवती को ले गया साथ, बनाया बंधक
युवती का आरोप है कि उसे कमरे में कैद कर दिया गया था। यहां से उसे बाहर भी नहीं जाने देते थे। उसे धमकाया जाता था कि यही लव जिहाद है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। जिस सुल्तान ने उससे निकाह किया था।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर के बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव की 18 वर्षीय युवती से लव जिहाद का मामला सामने आया है। उसे गांव का ही सुल्तान नाम का युवक एक साल पहले डरा धमकाकर अपने साथ ले गया था। आरोपित ने उसे हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में किराये के कमरे में बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि यहां पर आरोपित के भाई व रिश्तेदार भी अक्सर आते रहते हैं। वह उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाते थे। किसी तरह से वह बचकर वहां से भागी। मामले की यहां महिला थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि मामले की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।
आरोपित युवक व उसके भाई और रिश्तेदार युवकों ने भी युवती से किया दुष्कर्म
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, युवती के साथ गांव का ही सुल्तान पढ़ता था। इस दौरान वह उसका पीछा करने लगा। उस पर दोस्ती करने का दबाव बनाने लगा था। आरोपित ने धमकी दी थी कि यदि उसके साथ नहीं गई, तो वह तेजाब डालकर चेहरा जला देगा। परिवार को भी अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। आरोपित ने उसे डर दिखाकर कई बार दुष्कर्म किया। 13 अगस्त 2020 को आरोपित ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। वहां पर आरोपित के साथ उसके भाई रियाज व सुलेमान भी थे। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद आरोपित उसे सुनसान जगह पर ले गए। वहां पर उसके साथ जबरन निकाह किया। डरा धमकाकर कोरे कागज पर भी साइन करा लिए। आरोप है कि युवती के हाथ पर जबरदस्ती इस्लामिक टैटू गुदवाया और उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। इसके बाद आरोपित उसे अपने साथ हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में लेकर गया। वहां उसे किराये के मकान में पत्नी बनाकर रहने लगा। इस दौरान उसके साथ रोजाना दुष्कर्म करता था। जब युवती विरोध करती, तो उसे चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था। यहां पर आरोपित के भाई व अन्य रिश्तेदार भी आते रहते थे। वह भी उसके साथ दुष्कर्म करते थे।
कमरे में कैद रखने का भी आरोप
युवती का आरोप है कि उसे कमरे में कैद कर दिया गया था। यहां से उसे बाहर भी नहीं जाने देते थे। उसे धमकाया जाता था कि यही लव जिहाद है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। जिस सुल्तान ने उससे निकाह किया था। वह भी बाहर से अनजान लोगों को लेकर आता था। वह पैसे लेकर उसे उन लोगों के हवाले कर देता था। दो दिसंबर को भी आरोपित सुल्तान व उसका एक भाई सद्दाम आए थे। दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। चार दिसंबर को सुल्तान व सद्दाम बाहर गए थे। इसी दौरान किसी तरह से मौका पाकर युवती वहां से भाग निकली। इसका पता आरोपितों को लग गया, तो उन्होंने पीछा करना शुरू कर दिया और उसे रास्ते में पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोग वहां एकत्र होने लगे, तो आरोपित भाग निकला। बाद में उसने किसी से मोबाइल लेकर अपनी चाची को काल की। वह उसे लेकर यहां महिला थाना में पहुंची।