हरियाणा राज्यसभा चुनाव के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ ने कहा, कांग्रेस के नेताओं को उड़ाने में लगे हैं हुड्डा
भाजपा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ राज्य सभा चुनाव परिणाम के बाद कैथल पहुंचे। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस के नेताओं को उड़ाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में हुई जीत हमारी और अब चेयरमैनी की बारी।
कैथल, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस वाले अपने विधायकों को छत्तीसगढ़ ले गए। उन्होंने उनकी 10 दिन तक ट्रेनिंग भी करवाई, लेकिन उनकी दस दिन की ट्रेनिंग भी काम नहीं आई और हमारी (भाजपा की) एक दिन ही ट्रेनिंग काम आ गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके साथी तोता फुर्र, कबूतर फुर्र खेल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस में से अशोक तंवर फुर्र किया, फिर शैलजा फुर्र, रणदीप फुर्र, कुलदीप बिश्नोई फुर्र और अब अजय माकन फुर्र कर दिया। वह धीरे-धीरे सबको उड़ा देंगे। धनखड़ शनिवार को देवीगढ़ रोड स्थित एक निजी पैलेस में निकाय चुनाव में भाजपा-जजपा प्रत्याशी सुरभि गर्ग की ओर से आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होने कहा कि राज्यसभा के चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। अब निकाय चुनाव में चेयरमैनी की बारी है। यदि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी सुबह दिल्ली से कोई योजना लागू करने की घोषणा करते हैं तो वह शाम तक कैथल में तभी लागू होगी अगर यहां भी पार्टी के प्रत्याशी को चेयरपर्सन बनाएंगे। अब तक डबल इंजन की सरकार का आनंद लिया। इसके बाद ट्रिपल इंजन का आनंद लिया जा सकेगा।
देवीगढ़ रोड स्थित एक निजी पैलेस में ओपी धनखड़।
कांग्रेसियों ने अपनों के चक्कर में पार्टी का भट्ठा गोल किया
धनखड़ ने कहा कि जो केवल अपने व अपने बेटों के बारे में सोचते हैं, ऐसे कांग्रेसियों ने अपनों के चक्कर में पार्टी का भट्ठा गोल कर दिया है। कांग्रेस में सबसे बड़ी समस्या परिवारवाद है। इसी कारण लोकतंत्र में ऐसी स्थितियां पैदा हुई है, जो नहीं होनी चाहिए थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण ही आज हम सब बदला हुआ भारत देख पा रहे हैं।
देश में सकारात्मक बदलाव
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश में सकारात्मक बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर आज दो देशों के बीच युद्ध होता है तो हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि युद्ध रोक दो। हमारे देश के बच्चे निकलेंगे। युद्ध रुकता है और हमारे बच्चे भी वतन लौटकर आते हैं। अब अगर कोई देश भारत की ओर आंख भी उठाकर देखता है तो भारत घर में जाकर उसे ठोक कर आता है। उन्होंने कहा कि आज सरकार और संस्कृति साथ साथ चल रही है।
ये भी रहे मौजूद
इस मौके पर महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, अंबाला शहर से विधायक असीम गोयल, विधायक लीला राम, हैफेड चेयरमैन कैलाश भगत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेेश गर्ग, राव सुरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर मौजूद रहे।