यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा सांसद सैनी बनाएंगे अलग पार्टी, सभी विधानसभा सीटों पर उतारेंगे प्रत्याशी
भाजपा सांसद राजकुमार सैनी अलग पार्टी बनाएंगे। उन्होंने अलग पार्टी बनाकर राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्रत्याशी उतारने की घोषणा कर दी है।

जेएनएन, पानीपत। भाजपा सांसद राजकुमार सैनी अलग पार्टी बनाने की घोषणा कर दी है। उनका कहना है कि वह विधानसभा चुनाव अलग पार्टी बनाकर लड़ेंगे। उनकी पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी उतारेगी। वह नई पार्टी के नाम की घोषणा जल्द करेंगे। सैनी कैथल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बता दें, सैनी प्रदेश की अपनी ही सरकार को घेरते रहे हैं। कुछ दिन पूर्व उन्होंने हिसार में पत्रकारों से बातचीत मेंप्रदेश में आए दिन महिलाओं के खिलाफ बढ़ती वारदातों को लेकर अपनी ही सरकार पर निशाना साधा था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जहां प्रदेश अध्यक्ष के परिवार के सदस्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगे तो स्थिति कैसी होगी, आप समझ सकते हैं।
सैनी ने कहा कि वह किसी के एजेंट नहीं हैं और न ही किसी की मार्केटिंग कर रहे हैं। देश में इस वक्त वोटों की खेती की जा रही है, न कि देश का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए देश में सख्त बिल को लागू करना बहुत जरूरी है। हमारे देश में चोर दरवाजे से अयोग्य लोगों को राज्यसभा में भेज दिया जाता है। ऐसे में अति महत्वपूर्ण बिल पास नहीं हो पाते है। तीन तलाक मुद्दा, रिटेल में एफडीआइ, जीएसटी और भूमि अधिग्रहण बिल इसके उदाहरण है। इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी चुनाव में इनेलो की स्थिति लंगड़ी भैंस जैसी होगी, जिसके साथ जाएगी नुकसान ही पहुंचाएगी।