फेसबुक पर अनजान लिंक आए तो धोखे से भी न करें क्लिक, लगी 10 लाख की चपत
फेसबुक पर लिंक को क्लिक करने से दस लाख की कीमत के बिटकॉइन ई वॉलेट से निकाल लिए गए। इससे पहले भी फेसबुक के जरिए धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। फेसबुक के जरिए धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब लिंक भेजकर खाता खाली करने का मामला सामने आया है। हैकर ने फेसबुक के जरिए लिंक भेजा और क्लिक करने पर लाखों की चपत लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फेसबुक पर आए लिंक को क्लिक करना सेक्टर 17 निवासी उमेश मेहता को महंगा पड़ गया। उनके खाते से क्रिप्टोकरंसी बिटकॉइन साफ हो गई। करीब दस लाख रुपये सायबर ठगों ने उनके खाते से साफ कर दिए। जिस कंपनी से बिटकॉइन खरीदा था। वहां भी ईमेल किया, तो जवाब मिला कि आप स्कैम के शिकार के हो गए हैं। फिलहाल उमेश मेहता की शिकायत पर हुडा सेक्टर 17 थाने में केस दर्ज हुआ है।
जेपी कंपनी से आया लिंक
उमेश मेहता ने बताया कि वह खेती करते हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने जेपे कंपनी से बिटकॉइन खरीदे थे। इनकी मार्केट वैल्यू करीब 10 लाख रुपये हैं। सात जुलाई को उनके फेसबुक पर जेपे कंपनी का लिंक आया। जब लिंक खोला, तो ओटीपी मांगा। जैसे ही ओटीपी डाला, तो उनके ई वॉलेट का अकाउंट जीरो हो गया। तुरंत जेपे कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया, तो वह बंद मिला। बाद में कंपनी को ईमेल भेजा। जवाब में कंपनी ने यही कहा कि पुलिस में शिकायत करो, यह ऑनलाइन ठगी हुई है। अब वह खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
पेज भी जेपी कंपनी की तरह
उमेश का कहना है कि एक-एक पैसा जोड़ा हुआ था। ताकि भविष्य में काम आ सके। अब पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं। लिंक के जरिए भेजा गया पेज भी बिल्कुल जेपे कंपनी की तरह था। जिसमें कंपनी के बारे में पूरी जानकारी दी। जिस वजह से वह भी समझ नहीं पाए। हुडा सेक्टर 17 थाना प्रभारी राय सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।