नशा उतरने की डॉक्टर से मांगी दवा, नहीं दी तो चौक पर जाकर युवक को मार दी गोली
यमुनानगर में बाइक सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने चौक में जाकर एक युवक को गोली मार दी। इससे हड़कंप मच गया।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर के अनाजमंडी रोड के क्रांति चौक पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक को गोली मार दी गई। बाइक सवार तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक नशे में धुत्त दे।
रादौर के अनाज मंडी रोड के क्रांति चौक पर शुक्रवार की शाम को तीन बाइक सवारों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल को स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया।
उसकी नाजुक हालत को देखते हुए यमुनानगर रेफर कर दिया। एसपी कमलजीत गोयल व डीएसपी रादौर कुशलपाल राणा ने घटना स्थल का दौरा किया। मौके से गोली के दो खोल भी मिले। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने बदमाशों की तलाश कर रही है। गोली चलाने में गांव अलाहर के खन्ना की भूमिका भी सामने आई है। सीआइए टू को जांच सौंपी दी गई है। उधर, घायल की हालत गंभीर बनी हुई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
शहर के अनाज मंडी चौक निवासी रणजौर सिंह उर्फ गोल्डी(37) पुत्र जितेंद्र राणा व साथी अकुंर शाम को खेत में जाने के लिए घर से बाहर निकले। तभी क्रांति चौक के पास बाइक पर तीन युवक आए और उन्होंने रणजौर सिंह की बाइक को टक्कर मार दी। उसकी बहस हो गई। एक युवक ने रणजौर सिंह पर तीन फायर कर दिए। जिसमें से एक गोली गोल्डी को लगी। गोली की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। उनको आता देख हमलावर शिव कालोनी की गलियों में होते हुए भाग गए।
हमले से पहले डाक्टर को भी दी थी धमकी
हमलावर नशे में मस्त थे। पहले वह कृष्णा लेबोरेट्री में गए। इसके संचालक प्रवेश कांबोज जुब्बल से नशा कम करने की दवा मांगी। मना करने करने पर हमलावर सैनी हेल्थ केयर के मालिक डाक्टर दीपक सैनी के पास गए। यहां भी नशा कम करने की दवाई मांगी। इस दौरान हमलावर डाक्टर पर भड़क गया और पिस्तौल दिखाकर धमकी दी। कुछ देर बाद ही आरोपितों ने चौक पर गोल्डी को गोली मार दी। दीपक ने अलाहर के खन्ना की पहचान की। पुलिस का कहना है कि इस पर पहले भी केस दर्ज हैं।