तेज स्पीड में बाइक चलाने से बुजुर्ग महिला ने किया मना, युवक ने मुंह पर ईंट दे मारा, मौत Panipat News
तेज स्पीड में बाइक चलाने से मना करने पर 62 वर्षीय रामरती की हत्या कर दी। महिला के बेटे तकदीर ने बताया कि उसकी मां गली में बैठी हुई थी।
पानीपत/जींद, जेएनएन। जींद में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। महिला घर के बाहर बैठी थी। उसकी गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने एक युवक को तेज स्पीड से बाइक न चलाने के लिए कहा दिया। गुस्साए युवक ने उसके मुंह पर ईंट मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
महिला के बेटे तकदीर ने बताया कि रविवार शाम को उसकी 62 वर्षीय मां रामरती घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान गांव का ही कमल तेज स्पीड से बार-बार बाइक लेकर गली में आ जा रहा था। मां ने उसे टोकते हुए गली से धीमी गति से बाइक निकालने को कहा। इस पर युवक तैश में आ गया।
परिवार वालों ने किया हमला
पड़ोस में रहने वाला युवक कमल घर गया और परिवार वालों को ले आया। पहले सभी ने उसके घर पर पथराव किए। इसके बाद महिला को ईंट, लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक ईंट महिला के मुंह पर मार दी। उसके खून बहने लगा और बेहोश हो गई। लोग दौड़ पड़े तो आरोपित भाग गए। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बेटे के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया गया है।