पति बीमार है, इलाज को रुपये चाहिए, ऐसा कह ब्यूटी पार्लर संचालिका लगा गई करोड़ों का चूना Panipat News
पानीपत में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका ने पति की बीमारी का बहाना बनाकर पड़ोसियों से दो करोड़ से अधिक रुपये लेकर फरार हो गई।
पानीपत, जेएनएन। हुडा सेक्टर-11 की ब्यूटी पार्लर संचालिका पड़ोसियों से दो करोड़ से अधिक रुपये लेकर फरार हो गई। महिला ने पति की बीमारी का हवाला देकर रुपये उधार लिए थे। कुछ महिलाओं ने रुपये नहीं होने पर अपने पतियों को बिना बताए गहने महिला को दे दिए। दिवाली से पहले ही महिला घर और पार्लर से सामान समेट लापता हो गई। पीड़ितों ने सेक्टर-11-12 पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दी है।
सेक्टर-11 के राकेश कुमार की मॉडल टाउन में हैंडलूम की दुकान है। राकेश कुमार ने बताया कि सेक्टर-11 के मकान संख्या 505 में सीमा भोला अपने पति श्रीराम और मां पुष्पा के साथ बीते 15 वर्ष से रह रही थीं। महिला ब्यूटी पार्लर चलाती है। जबकि पति एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। जून 2019 में महिला ने पति की बीमारी की बात कहकर राकेश से 64955 रुपये का चेक लिया। इसके बाद महिला थोड़े-थोड़े करके राकेश से करीब आठ लाख रुपये ले लिए। दिवाली पर रुपये लौटाने का वादा किया। इसी प्रकार महिला ने आसपास के अन्य लोगों से भी करीब दो करोड़ रुपये लिए थे। कुछ महिलाओं ने अपने पतियों से बिना बताए ही महिला की मदद के लिए गहने दे दिए। आरोपित ने मुत्थूट फाइनेंस में गहने गिरवी रख कर रुपये ले लिए।
उधार देने वाले मान रहे थे कि महिला का अपना मकान है। गायब होने के बाद लोगों ने पता किया तो मकान महिला का नहीं निकला। लोगों ने कच्चा कैंप में आरोपित महिला की मां से संपर्क किया। महिला की मां दोबारा रुपये मांगने आने पर जहर निगलकर केस में फंसने की धमकी दी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस महिला, उसके पति और मां के खिलाफ मामले की जांच कर रही है। दूसरों को न बताने की करती थी विनती राकेश कुमार ने बताया कि सीमा भोला क्षेत्र के अधिकतर लोगों से रुपये ले चुकी थी। उधार ली गई अधिकतर रकम से महिला ने सोना खरीदा था। उधार लेते समय महिला सभी से इज्जत का हवाला से दूसरों से इस बारे में जिक्र न करने की विनती करती थी। इस कारण क्षेत्र के सभी लोग महिला के जाल में फंसते चले गए।
इन्हें लगाया, इतने का चूना
राकेश कुमार - 864055 रुपये
सरीता - दो लाख से अधिक
लविश चोपड़ा - आठ लाख से अधिक
रितु - डेढ़ लाख से अधिक
श्वेता - दो लाख से अधिक
आर्यन शर्मा - तीन लाख से अधिक
सुषमा - तीन लाख से अधिक इसके अतिरिक्त
सीमा भोला ने कई महिलाओं से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के गहने ले रखे हैं।
सोशल मीडिया पर महिला का फोटो वायरल
ठगी का शिकार बने लोगों ने सीमा भोला और उसके पति का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। सभी फोटो सीमा भोला के फेसबुक अकाउंट से लिए गए हैं। इनमें वह अपने पति और बच्चों के साथ है। लोगों का कहना है कि अब सीमा ने अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर लिए हैं। उसका कोई अता-पता नहीं है। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से सीमा और उसके पति की सूचना देने की अपील की गई है।
शिकायत मिली है, जांच हो रही है : राजकुमार
सेक्टर-11-12 पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कई लोगों ने सीमा भोला के बारे में रुपये लेने और अब घर छोड़ कर चले जाने की शिकायत की है। हालांकि शिकायतकर्ताओं के पास दिए गए रुपयों का लिखित सुबूत नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।