हरियाणा में आयुष्मान का खुला पोर्टल, वैरिफाई परिवारों की सूची का इंतजार
आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाया गया। हरियाणा में आयुष्मान का पोर्टल खुल गया है। वैरिफाई परिवारों की सूची का इंतजार है। एक लाख 80 हजार रुपये की आय वाले परिवारों का डाटा वैरिफाई किया गया। आयुष्मान योजना से जुड़ेंगे ढाई लाख लोग।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। राज्य सरकार ने आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाया है। इसके तहत अब एक लाख 80 हजार रुपये तक की आय वाले परिवारों को भी आयुष्मान योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए आयुष्मान के पोर्टल पर विकल्प खुल गया है, लेकिन अभी तक वैरिफाइ परिवारों की सूची नहीं मिल सकी है। अगले सप्ताह में यह सूची स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद इन परिवारों के कार्ड बनने शुरू हाे जाएंगे। इसके लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य होगा।
दरअसल, अब तक आयुष्मान योजना के लाभार्थियों का खर्च केंद्र व राज्य सरकार मिलकर वहन कर रही हैं। इस योजना के तहत जिले में तीन लाख 52 हजार पात्र चिहिंत हैं। इनमें से करीब सवा दो लाख के कार्ड बन चुके हैं। ये पात्र वह हैं, जो केंद्र सरकार की वर्ष 2011 की जनगणना से हुए सर्वे में चिहिंत हुए थे। अब राज्य सरकार ने अपने स्तर से आयुष्मान योजना को बढ़ा दिया है। इसमें एक लाख 80 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को शामिल किया गया है। इस हिसाब से जिले से करीब ढाई लाख लोग आयुष्मान योजना में जुड़ सकते हैं। हालांकि अभी फाइनल सूची का स्वास्थ्य विभाग को इंतजार है।
परिवार पहचान पत्र होगा अनिवार्य
आयुष्माान योजना में शामिल लोगों को परिवार पहचान पत्र दिखाना होगा। यदि वह वैरिफाइ सूची से मैच हो जाता है, तो उनका आधार कार्ड व अंगूठा स्कैन करने के बाद कार्ड बन जाएगा। जबकि केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना में राशन कार्ड अनिवार्य होता था। इसमें पात्र व्यक्ति को राशन कार्ड देना होता है। जिसके नंबर के आधार पर पात्रता सूची में उसके नाम की तस्दीक होती है।
वर्ष 2018 में शुरू हुई थी योजना
वर्ष 2018 में जिले में केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना शुरू हुई थी। जिसमें तीन लाख 52 हजार पात्र शामिल किए गा थे। इनमें से अभी तक करीब सवा दो लाख लोगों के गोल्डन कार्ड बने हैं।
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डा. अश्वनी अलमादी ने बताया कि पोर्टल पर नए कार्ड बनाने का विकल्प आ गया है। अभी वैरिफाइ सूची का इंतजार है। जैसे यह सूची पोर्टल पर आ जाएगी, तो इसके बाद कार्ड बनाने शुरू कर दिए जाएंगे। इसमें परिवार पहचान पत्र से डाटा मैच किया जाएगा।