योग चैंपियनशिप में आर्य गर्ल्स पब्लिक की खिलाड़ियों का दबदबा
जागरण संवाददाता, पानीपत : खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को शिवाजी स्टेडियम में एक
जागरण संवाददाता, पानीपत : खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को शिवाजी स्टेडियम में एक दिवसीय 8 से 12, 12 से 15, 15 से 19 और 19 से 25 आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों की अंतर केंद्र योग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं का दबदबा रहा।
8 से 12 आयु वर्ग में लड़कियों में आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की नेहा ने पहला स्थान हासिल किया। इसी वर्ग में जीबीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की शैलजा ने दूसरा और आर्यन ग्लोबल पब्लिक स्कूल की नैंसी ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ कर जिला खेल अधिकारी राजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि योग से शरीर स्वस्थ व मन स्वच्छ रहता है। योग करने वाला खिलाड़ी जिम्नास्टिक खेल में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। प्रतियोगिता के रेफरी सोनीपत के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक मनोज कुमार, एथलेटिक्स प्रशिक्षक महीपाल गौड़ और साइक्लिंग प्रशिक्षक जोगेंद्र सिंह रहे। इस मौके पर दलबीर सिंह उपाधिक्षक जगबीर सिंह, मीनू और जगबीर सिंह मौजूद रहे।
वंशिका अव्वल रहीं
12 से 15 आयु वर्ग में आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की वंशिका पहले स्थान पर रही। इसी स्कूल की अंशिका व शुभांगी ने दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। 15 से 19 आयु वर्ग में आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की वंशिका, डीएवी पब्लिक स्कूल पानीपत की वरिता, आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की आशु, 19 से 25 आयु वर्ग में मंजीत कौर, रूबी और लक्ष्मी ने क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रभात पहले स्थान पर रहे
8 से 12 आयु वर्ग में लड़कों में जीबीएन ऊंटला के प्रभात पहले स्थान पर रहे। इसी वर्ग में डॉ. एमकेके स्कूल के दीपांशु ने दूसरा और डीएवी स्कूल पानीपत के अंकित ने दूसरा स्थान हासिल किया। 12 से 15 आयु वर्ग में बाल विकास स्कूल के ऐश्वर्या देव, आर्य बाल भारती स्कूल के आयु, महराणा प्रताप स्कूल ददलाना के प्रिंस, 15 से 19 आयु वर्ग में पीटीपीएस स्कूल थर्मल के शशिकांत, बाल विकास स्कूल के निखिल व शाकिर, 19 से 25 आयु वर्ग में एसडी कालेज के विकास, हर्ष और दिपांशु ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान अर्जित किया।
हॉकी छोड़कर बन गई योग चैंपियन
अंतर केंद्र योग प्रतियोगिता की चैंपियन आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा नेहा (11) ने बताया कि जब वह छह साल की थी तब उसने हॉकी खेलना शुरू किया। कुछ महीनों के बाद स्कूल के वार्षिक उत्सव में छात्राओं को योग करते देखा तो हॉकी छोड़कर इस खेल को अपना लिया। योग में नेशनल में स्वर्ण और स्टेट में तीन स्वर्ण पदक जीते। उसका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना है।
शरीर लचीला था, बन गई योग चैंपियन
अंतर योग केंद्र प्रतियोगिता की स्वर्ण पदल विजेता आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल की छात्रा वंशिका (17) ने बताया कि उसके शरीर में लचक थी। कोच अमित ने इस खेल को खेलने के लिए प्रेरित किया। छह साल से अभ्यास किया और नेशनल प्रतियोगिता में दो और स्टेट में तीन पदक जीते। अब वह नेशनल प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कर रही है।