सिविल अस्पताल में एक मरीज के साथ रहेगा एक अटैंडेंट
सिविल अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ अब एक ही अटेंडेंट (तीमारदार रहेगा) रह सकेगा। अनावश्यक भीड़ को कम करने के लिए अस्पताल प्रशासन पास सिस्टम लागू करने जा रहा है।
जासं, पानीपत : सिविल अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ अब एक ही अटैंडेंट (तीमारदार रहेगा) रह सकेगा। अनावश्यक भीड़ को कम करने के लिए अस्पताल प्रशासन पास सिस्टम लागू करने जा रहा है। लिफ्ट में भी मरीज के साथ उसी अटैंडेंट को प्रवेश मिलेगा, जिसके नाम का पास होगा।
सिविल अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक, प्रसूति वार्ड, मेल-फीमेल वार्ड में मरीज के साथ आए कई तीमारदारों के कारण भीड़ रहती है। कोविड-19 के चलते दो गज की शारीरिक दूरी का नियम लागू है। भीड़ की वजह से यह नियम भी अस्पताल में टूटता है। दो दिन पहले सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने वार्ड से भीड़ को बाहर निकलवाया था। अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. अमित पोरिया ने बताया कि अटैंडेंट पास सिस्टम लागू किया जा रहा है।
प्रत्येक तल पर लिफ्ट के पास एक कर्मचारी की तैनाती रहेगी। वह वार्ड में आने-जाने वालों पर नजर रखेगा। डाक्टर और अस्पताल कर्मचारी के अलावा सिर्फ पास धारक अटेंडेंट को ही वार्ड में प्रवेश दिया जाएगा।