दिवाली पर सारी रात होते रहे धमाके, प्रदूषण बढ़कर 282 पर पहुंचा
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शहर में कई जगहों से मापा प्रदूषण। पीएम 2.5 रात 11 बजे 282 दर्ज किया गया। यह पचास तक ही बेहतर की स्थिति में होता है। इसी तरह ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ा।
जागरण संवाददाता, पानीपत : दिवाली पर शहर एक बार फिर से धुआं-धुआं सा हो गया। सुप्रीम कोर्ट का आदेश था कि दस बजे तक ही पटाखे जलाए जा सकेंगे लेकिन इन आदेशों की धज्जियां ही उड़ती दिखीं। यहां तक की सुबह पांच बजे तक भी धमाकों की गूंज सुनाई देती रही। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिवाली की रात प्रदूषण सामान्य दिनों से कई गुना ज्यादा दर्ज किया गया।
दीपावली पर शहर का वायु प्रदूषण एयर क्वालिटी इंडेक्स 282 रात 11 बजे रिकार्ड किया गया। 7 बजे एक्यूआई 261 दर्ज किया गया। 8 बजे शाम को 274 रिकार्ड हुआ। नौ बजे 278 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ये डाटा जारी किया है। दीपावली से पहले पानीपत में सेक्टर 18, माडल टाउन, मलिक पेट्रोल पंप पर वायु मापक यंत्र लगाए गए थे। बता दें कि पीएम 2.5 को जीरो से पचास तक बेहतर माना जाता है। इससे ज्यादा होने पर चिंता शुरू हो जाती है।
पोलिथिन पर प्रतिबंध
दीपावली पर शहर में पोलिथिन बेचने पर राहत रही। अब दीपावली के बाद पोलिथिन पर प्रतिबंध लागू किया जाएगा। चालान काटने का अभियान शुरू होगा। डीसी सुमेधा कटारिया का कहना है कि पोलिथिन पर प्रतिबंध के लिए मिलजुलकर प्रयास करने होंगे। जब तक लोग जागरूक नहीं होंगे, तब तक इस पर प्रतिबंध लगाना आसान नहीं है।
उद्योग रहे बंद
दीपावली पर एनजीटी के आदेशों को देखते हुए सेक्टर 29 पार्ट 2 में रंगाई उद्योग बंद रहे। इन उद्योगों की मॉनिटरिंग की गई। जबकि सेक्टर से बाहर लगे उद्योग चले। उद्यमियों ने बताया कि चार दिन अवकाश भी रहा। 10 नवंबर तक वायु प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं।