यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एडवेंचर भरा है नन्हे टाइगर का सफर
टाइगर जिंदा है में जूनियर टाइगर और जुड़वां टू में जूनियर वरूण धवन की भूमिका निभाने वाले सरताज आज पानीपत पहुंचे।

जागरण संवाददाता, पानीपत : टाइगर जिंदा है में जूनियर टाइगर और जुड़वां टू में जूनियर वरूण धवन की भूमिका निभा चुके नन्हे चुलबुले सितारे सरताज कक्कड़ शनिवार को अंसल सिटी स्थित डीपीएस जूनियर विंग में पहुंचे। यहां उन्होंने जेस्टी जंबूरी दो दिवसीय एडवेंचर कैंप में हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों के साथ-साथ अन्य लोगों ने भी सरताज के साथ सेल्फी ली।
बता दें कि बॉलीवुड की दोनों फिल्मों के अलावा सरताज ड्रामा फिल्म बिग डैडी-वर्ल्डस बेस्ट फादर व शार्ट फिल्म द स्कूल बैग में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। सरताज ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि वे इस मुकाम पर कैसे पहुंचे, लेकिन यहां तक पहुंचने के पीछे उनकी मां पाखी कक्कड़ को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। सरताज ने बताया कि उन्हें पास्ता बहुत पसंद है। वे मशहूर सूपर स्टार सलमान खान को प्रेरणास्रोत मानते हैं। उन्हें डांसिंग का शौक है और वे माइकल जैक्सन को फॉलो करते हैं। सरताज को इंस्टाग्राम पर भी एक्टिव रहना पसंद है।
पिता का डेनिम का कारोबार
नन्हें टाइगर के पिता राहुल कक्कड़ का दिल्ली में किड्स व मैन डेनिम क्लॉथ का व्यापार है। शनिवार को सरताज उनके भाई मेहराज, मां पाखी कक्कड़, नानी कृष्णा, तीन कजन सार्थक, अविजा और हेजल के साथ जेस्टी जंबूरी में पहुंचे थे।
सलमान के साथ काम था सपना
जूनियर टाइगर ने बताया कि टाइगर पप्पा के साथ काम करना उनका सपना था। उन्होंने पहली बार जब सलमान खान को देखा तो सलमान सी फूड खा रहे थे। उनके लिए वो किसी सपने से कम नहीं था। सलमान को देखते ही सरताज कांपने लगे थे।
विज्ञापनों ने की थी सरताज ने शुरूआत
स्वैग के मामले में बातचीत की जाए तो शायद बालीवुड सुपरस्टार भी नन्हें सरताज से शायद थोड़ा पीछे हैं। उनके चुलबुले अंदाज के कारण लोग जल्द ही उन्हें पसंद करने लगते हैं। सरताज ने बताया कि फिल्म जगत में आने से पहले उन्होंने कई ब्राडस के विज्ञापन भी किए थे।