पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का विरोध, कांग्रेस के बाद अब आप कार्यकर्ता सड़क पर
पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस के बाद अब आप कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता चौक पर जुटे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पानीपत, जेएनएन। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कमेटी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं की अगुवाई उत्तरी जोन हरियाणा के अध्यक्ष प्रो. बीके कौशिक ने की। विरोध जताने के लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बाजार में धक्का देकर ट्रैक्टर खींचा। केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
इस मौके पर प्रो. कौशिक ने कहा कि पिछले 25 दिन से लगातार पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। इससे जनता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तेल मार्केट में प्रति बैरल का रेट डालर से भी कम हो गया है। इसके बावजूद देश में पेट्रोल व डीजल के दाम प्रति लीटर 80 रुपये पार कर गए हैं। प्रो. कौशिक ने कहा कि कोरोना संकट ने आर्थिक व्यवस्था की रीड तोड़ दी है। कारोबार चौपट हो गए हैं। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। लोगों के लिए दाल रोटी का जुगाड़ तक कर पाना मुश्किल हो गया है। पेट्रोल व डीजल के दाम बढऩे से अन्य वस्तुओं के दामों में तेजी से वृद्धि हुई है।
करनाल इकाई के जिलाध्यक्ष रणबीर सिंह आर्य ने कहा कि अगर तेल की कीमतें बढ़ती है तो किसान का खेती का खर्च बढ़ जाएगा। कृषि उपकरण चलाने के लिए डीजल की आवश्यकता होती है। खेती खर्च बढ़ा तो किसान की आय दोगुना करने का सपना कभी पूरा नहीं हो सकेगा।
करनाल विधानसभा अध्यक्ष संजीव मेहता ने कहा कि सरकार द्वारा एक्साइज डयूटी लगातार बढ़ाने तथा राज्य सरकार द्वारा वैट बढ़ाने से पेट्रोल डीजल के दामों में वृद्धि हुई है। इस अवसर पर मायनोरिटी सैल उत्तरी हरियाणा के अध्यक्ष तालीम गुर्जर, बीसी सैल उत्तरी हरियाणा के उपाध्यक्ष रजनीश सैन, जिला संगठन मंत्री जिले सिंह, नितिन कौशिक, आईटी सैल के संयोजक अमित हिंदुस्तानी, सुरेश मास्टर, दीपक मित्तल, कृष्ण बंसल, मंजु, पूजा, निर्मला, राजेश्वरी, राजेंद्र सिंह, विजय सिंह, देसराज, रमेश कुमार व गुलाब सिंह मौजूद रहे।