चार पेज का सुसाइड नोट लिख की आत्महत्या, मां बोली-बेटा तो अनपढ़ था
धमीजा कॉलोनी में इकलौते बेटे की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। पुलिस ने चार पेज का सुसाइड नोट बरामद किया है। कुछ युवकों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया गया है।
पानीपत, जेएनएन। धमीजा कॉलोनी में युवक की संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतक के पास चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। परिजनों ने एक युवक उसके साथियों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
वार्ड-9 की मुकेश रानी ने बताया कि उसके पति जुगनू बीमार हैं। उसके दो बेटियां व इकलौता बेटा साहिल उर्फ मोगली (22) दो महीने से किराये के मकान में धमीजा कॉलोनी में विपिन उर्फ माही के साथ रह रहा था। उसने बेटे को कई बार समझाया कि घर लौटा आए। बेटे ने बताया कि वह माही के चंगुल में फंस गया है।
विपिन भी छत से कूदा
19 फरवरी को उसे सूचना मिली कि बेटे साहिल की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई है। विपिन को भी छत से कूदने से चोट लगी है। उसे शक है कि विपिन व उसके साथियों ने उसके बेटे को मरने पर मजबूर किया है। बुधवार को सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। किला थाना पुलिस ने विपिन व अन्य युवकों के खिलाफ आत्म हत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
विपिन के घायल होने पर पुलिस को साहिल की मौत की पता चला
किला थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि विपिन ने पूछताछ कि तो बताया कि 17 फरवरी की रात को साहिल ने उसकी पिटाई कर दी थी। वह नीचे के कमरे में सो गया था। 18 फरवरी की सुबह साहिल उसके पास आया और बोला कि जहर खा रखा है। साहिल को दवा दिलाकर वह चला गया। रात को पड़ोसी ने फोन कर बताया कि साहिल की तबीयत खराब हो गई है। वह पहली मंजिल पर बने कमरे में गया तो साहिल की मौत हो गई थी। वह डर की वजह से छत से गिर गया और उसके सिर में चोट लग गई। घायल होने पर उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। अस्पताल से रुक्का आया तो उन्होंने जांच की तो साहिल का शव पड़ा था। तब की शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। 19 फरवरी की शाम को साहिल के शव की उसकी मां ने शिनाख्त की।
चार पन्ने का सुसाइड नोट मिला, मां बोली बेटा अनपढ़ था
पुलिस के अनुसार साहिल के पास से चार पन्ने का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने लिखा कि विपन ही उसे कफन देकर मुखाग्नि देगा। जबकि साहिल की मां मुकेश रानी ने बताया कि उसका बेटा अनपढ़ था। फिर वह चार पन्ने का सुसाइड नोट कैसे लिख सकता है। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट की मधुबन लैब में जांच कराई जाएगी कि लिखाई साहिल की है या नहीं। घायल विपिन से पूछताछ कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। साहिल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।