विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली के एक सप्ताह बाद भी प्रदूषण से राहत नहीं, 370 के करीब पहुंचा पानीपत का AQI; अस्पताल पहुंच रहे लोग

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:58 PM (IST)

पानीपत में दीपावली के एक सप्ताह बाद भी वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है, शुक्रवार को एक्यूआई 370 तक पहुंच गया।

दीपावली के एक सप्ताह बाद भी प्रदूषण से राहत नहीं। फोटो जागरण

दीपावली के एक सप्ताह बाद भी प्रदूषण से राहत नहीं। फोटो जागरण

HighLights

  1. दीपावली के एक सप्ताह बाद भी पानीपत में प्रदूषण जारी।

  2. शहर का एक्यूआई 370 तक पहुंचा, स्वास्थ्य के लिए हानिकारक।

  3. सांस और आंखों की समस्या से मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।

जागरण संवाददाता, पानीपत। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। दीपावली के एक सप्ताह बाद भी लोगों को जहरीली हवा से राहत नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) करीब 370 तक पहुंच गया। प्रदूषण का यह स्तर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता है।

इसके चलते सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। वहीं, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर मरीज जिला नागरिक अस्पताल पहुंच रहे हैं।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दीपावली के बाद आमतौर पर आतिशबाजी का असर खत्म होने के साथ वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार हालात अलग बने हुए हैं। त्योहार के दौरान शहर का एक्यूआई करीब 850 तक पहुंच गया था।

इसके बाद उम्मीद थी कि अगले कुछ दिनों में प्रदूषण का स्तर तेजी से नीचे आएगा, मगर एक सप्ताह गुजरने के बावजूद हवा साफ नहीं हो सकी है। उतार-चढ़ाव के बीच प्रदूषण का स्तर अब भी बेहद खराब स्थिति में बना हुआ है।

बच्चों और बुजुर्गों को भी सतर्क रहने की जरूरत

हवा में प्रदूषक कणों की अधिकता के कारण अस्थमा और अन्य श्वसन संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। सुबह और शाम के समय बाहर निकलने पर कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही है। आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर इसका अधिक असर पड़ने की आशंका है।

प्रदूषण से राहत का इंतजार

शहरवासियों को उम्मीद थी कि दीवाली के बाद मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण कम होगा, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं आया। लगातार खराब वायु गुणवत्ता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।