पानीपत में थिनर से भरा टैंकर पलटा, आग लगने की आशंका से मचा हड़कंप; सड़क पर ज्वलनशील पदार्थ फैलने से लोगों को हटाया
पानीपत में अनाज मंडी के पास थिनर से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सड़क पर ज्वलनशील पदार्थ ...और पढ़ें
-1793984201928_m.webp)
पानीपत में थिनर से भरा टैंकर पलटा। फोटो जागरण
HighLights
पानीपत में अनाज मंडी के पास थिनर टैंकर पलटा।
ज्वलनशील थिनर सड़क पर फैला, आग का खतरा बढ़ा।
चालक गंभीर घायल, यातायात पुलिस ने संभाली व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, पानीपत। अंबाला से दिल्ली की ओर थिनर लेकर जा रहा टैंकर शुक्रवार रात करीब 9 बजे अनाज मंडी के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भरा थिनर सड़क पर फैलने लगा।
थिनर अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ है, ऐसे में आग लगने की आशंका को देखते हुए मौके पर हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर कर दिया गया। हाईवे से गुजर रहे वाहनों को भी टैंकर से पहले ही रोककर सर्विस लेन के रास्ते निकाला गया।
हादसे में टैंकर चालक राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले शेर सिंह गुर्जर घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यातायात पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही डायल 112 और यातायात पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कुछ ही देर में दमकल विभाग और नेशनल हाईवे की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
आग रोकने के लिए दमकल ने शुरू किया पानी का छिड़काव
थिनर के ज्वलनशील होने के कारण किसी चिंगारी से आग लगने का खतरा बना हुआ था। इसे देखते हुए दमकल विभाग ने मौके पर पानी डालना शुरू कर दिया, जिससे टैंकर और सड़क पर फैले थिनर में आग न लग सके। टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, नेशनल हाईवे की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली।
जाम से बचाने के लिए यातायात पुलिस की निगरानी
टैंकर पलटने और सड़क पर थिनर फैलने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। यातायात पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए वाहनों को घटनास्थल से पहले ही रोक दिया और सर्विस लेन से निकालने की व्यवस्था की। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।