फेसबुक पर डाली महिला की अश्लील फोटो, विरोध किया तो भाई पर कर दिया फायर
शिकायतकर्ता की मौसी जिसके साथ लिवइन रिलेशनशिप में है उसने फेसबुकर पर डाली थी फोटो। कहा महिला की मां के पास लगातार फोन आ रहे हैं जो फेसबुक फोटो देखकर गलत भाषा का प्रयोग करते हैं
साहा/अंबाला, जेएनएन। महिला की फोटो फेसबुक पर अपलोड कर अश्लील भाषा का प्रयोग करने व शिकायतकर्ता के विरोध पर घर के बाहर फायर कर धमकाने के आरोप में पुलिस ने आरोपित विवेक भारद्वाज, विक्रम के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से खोल भी बरामद किए हैं।
शिकायत में विकास निवासी गांव केसरी ने बताया कि वे तीन भाई बहन हैं। उनके पिता की करीब चार साल पहले मौत हो चुकी है। उनकी मौसी ममता की शादी डबकौली करनाल में हुई है। उन्होंने बताया कि उकी मौसी विवेक भारद्वाज निवासी पंचकूला के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बहन की शादी दिसंबर 2019 में हदीप ङ्क्षसह निवासी मोहाली के साथ हुई थी।
विवेक भारद्वाज ने उसकी बहन की फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दी। इसके साथ ही उसने बहन के प्रति अश्लील भाषा का प्रयोग भी किया। उन्होंने जब विवेक से कहा कि उन्होंने उसकी बहन की फोटो फेसबुक पर क्यों डाली, तो उसने कहा कि वह और फोटो अपलोड करेगा। इतना ही नहीं इसके बाद शिकायतकर्ता की मां के मोबाइल नंबर पर कई लोगों के फोन आने शुरू हो गए, जो उसकी बहन की फेसबुक पर अपलोड फोटो का हवाला देते हुए अश्लील भाषा का प्रयोग कर तरह-तरह के सवाल करने लगे।
इसके बाद भी विवेक को फोन कर ऐसा न करने को कहा, जबकि वह धमकियां देता रहा। इसी को लेकर 28 मई की रात को विवेक व उसकी मौसी ममता का दामाद विक्रम निवासी कालका उनके घर के बाहर आकर रुके। इन दोनों उसे घर से बाहर आने को कहा, लेकिन वह नहीं आया। इस पर विवेक ने पिस्टल से हवाई फायर किया। दूसरा फायर करने लगा, लेकिन गोली चली नहीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकठ्ठा होने लगे, तो यह दोनों फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और गोली का खोल बरामद किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विवेक और विक्रम के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।