इस बगिया में देसी विदेशी फूल, तस्वीरों में देखिए इनकी खूबसूरती
शहर के एसडीपीजी कॉलेज परिसर में पुष्प प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें सैकड़ों तरह के पुष्प को देखने के लिए दूर दूर से लोग आए। फूलों की महक और सुंदरता ने लोगों का मन मोहा।
पानीपत, जेएनएन। रिमझिम बारिश और सर्दी का मौसम। रंग बिरंगे फूल और उनकी महक। अलग-अलग तरह के पौधे और उनकी विशेषता। कुछ ऐसी सजी शहर में फूलों की बगिया। खुशमिजाज मौसम के बीच फूलों की ये प्रदर्शनी लोगों का ध्यान आकर्षण करने के लिए काफी है। नजारा है एसडीपीजी कॉलेज में आज से दो दिवसीय राज्य स्तरीय वसंतोत्सव-2019 पुष्प प्रदर्शनी का। जहां एक से एक सुंदर और अलग तरह के फूल सबको अपनी तरह आकर्षित कर रहे थे। इससे प्रदर्शनी में आने वाले हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशी उभर रही थी। प्रदर्शनी में पुष्प प्रेमी पौधे की विशेषता जानने के लिए उत्सुक दिखाई दिए।
दर्शकों का लगा तांता
राज्य स्तरीय वसंतोत्सव-2019 पुष्प प्रदर्शनी-पुष्प प्रतियोगिता का शुभारंभ के साथ ही दर्शकों का भी तांता लग गया।
छठी बार फूलों की महक बिखर रही इस प्रदर्शनी से
छठी बार होने वाली यह प्रतियोगिता साठ किस्म के देश-विदेश के फूलों से महक रही है। सड़क सुरक्षा थीम को समेटे यह प्रदर्शनी संदेश दे रही कि बच्चों को भी खिलने-खेलने का मौका मिले।
नर्सरियों के माली ले रहे हिस्सा
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने बताया कि प्रदर्शनी में पानीपत सहित हरियाणा के अन्य जिलों के स्कूल-कॉलेजों और संस्थानों की नर्सरियों के माली हिस्सा ले रहे हैं।
पर्यावरण बचाओ सोसाइटी ने दिया साथ
कॉलेज में स्थापित पर्यावरण बचाओ सोसाइटी के तत्वाधान में हो रहे इस आयोजन का समापन 15 फरवरी को कॉलेज प्रधान डॉ. एसएन गुप्ता करेंगे। पुरस्कार वितरण समारोह में पूसा नई दिल्ली के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनोज खन्ना शिरकत करेंगे।
सेल्फी विद फ्लावर्स कांटेस्ट
51 अलग-अलग केटेगरी में पुरस्कार दिए जायेंगे। प्रदर्शनी में एंट्री निश्शुल्क है। सेल्फी विद फ्लावर्स कांटेस्ट आकर्षण रहेगा।