विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत में 11 साल में 75 बार शर्मसार हुई ‘ममता’, कोई नवजात कूड़े में मिला तो कोई नाले-बाथरूम में छोड़ दिया गया

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:30 AM (IST)

पानीपत में पिछले 11 सालों (2015-2026) में 75 नवजात लावारिस हालत में मिले, जिनमें से कई मृत पाए गए और कुछ को कुत्तों ने नोचा।

पानीपत में 11 साल में 75 बार शर्मसार हुई ‘ममता’ (प्रतीकात्मक फोटो)

पानीपत में 11 साल में 75 बार शर्मसार हुई ‘ममता’ (प्रतीकात्मक फोटो)


HighLights

  1. पानीपत में 11 साल में 75 नवजात लावारिस हालत में मिले।

  2. कई मासूम कूड़े, नालों में मृत मिले, कुछ को बचाया गया।

  3. सविता आर्य ने सीएम को पत्र लिखकर जांच की मांग की।

जागरण संवाददाता, पानीपत। मां की ममता को दुनिया का सबसे पवित्र रिश्ता माना जाता है, लेकिन पानीपत में पिछले 11 वर्षों के आंकड़े इस रिश्ते को बार-बार कटघरे में खड़ा करते हैं।

वर्ष 2015 से मार्च 2026 तक जिले में 75 नवजात लावारिस हालत में मिले। इनमें कुछ मासूम जिंदा थे, जिन्हें समय रहते लोगों ने बचा लिया, जबकि कई जन्म के कुछ घंटे या दिनों के भीतर ही कूड़े के ढेर, नालों, खेतों, पार्कों, मंदिरों और अस्पताल के बाथरूम में मृत मिले।

कई घटनाओं में कुत्ते नवजातों के शव नोचते मिले। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इन 75 मासूमों को इस दुनिया में लाने वाले अपने आज तक सामने नहीं आए और अधिकांश मामलों में उनकी पहचान नहीं हो सकी।

75 मामले आए सामने

नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्य ने नवजात व भ्रूण मिलने के मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा है। सविता आर्य का कहना है कि वो दो मामलों में तो खुद ही बच्चों को फेंकने वाली महिलाओं तक खुद ही आसपास के लोगों व पुलिस की मदद से पहुंच चुकी हैं।

लेकिन 75 में से अधिकतर ऐसे मामले हैं। जिनमें अब तक पुलिस नवजात व भ्रूण को फेंकने वाले व पैदा करने वाली महिला तक नहीं पहुंच पाई। उन्होंने सीएम से मांग की है कि वर्ष 2015 से अब तक पानीपत में सामने आई भ्रूण, नवजात शिशुओं एवं लावारिस बच्चों से संबंधित सभी घटनाओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए।

जिन मामलों में आज तक दोषियों की पहचान नहीं हो पाई है अथवा जांच अधूरी है, उनकी दोबारा जांच करवाकर जिम्मेदार व्यक्तियों को कानून के दायरे में लाया जाए। प्रत्येक मामले में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई, जांच की प्रगति और आरोपियों की पहचान न हो पाने के कारणों की समीक्षा की जाए।

वर्ष 2025 में ये मिले मामले

  • 16 अप्रैल – कच्चे फाटक के पास दो माह की बच्ची लावारिस मिली।
  • 3 जुलाई – लुहारी गांव में दो दिन का मृत नवजात मिला।
  • 1 नवंबर – एक दिन की नवजात का शव नहर में मिला।
  • 8 दिसंबर – कुटानी रोड पर एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिला।

वर्ष 2026 में ये मामले आए

  • 15 मार्च: फ्लोरा चौक पर करीब सात माह का भ्रूण पालीथिन में मिला, जिसे कुत्ते उठाकर ले जा रहे थे।
  • 23 मार्च : पंचवती कालोनी, समालखा में चार माह का भ्रूण मिला।
  • 28 जून : नेताजी ट्रेन में छह माह का बच्चा लावारिस मिला।
  • 3 अगस्त : शिवनगर, गली नंबर-5 में कूड़े के ढेर में नवजात मिला, जिसे कुत्ते खींच रहे थे।
  • 10 अगस्त : कुलदीप नगर में नाली में सात माह का भ्रूण मिला।
  • 20 सितंबर : चांदनी बाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाम बाग के पास भ्रूण मिला।
  • 11 नवंबर : राजीव कालोनी के नाले में नवजात लड़के का शव मिला।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।