35% सब्सिडी और बिजली में छूट... UP जाने की तैयारी में पानीपत के टेक्सटाइल उद्यमी, योगी सरकार ने बिछाया रेड कॉर्पेट
हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बढ़ते दबाव के कारण पानीपत के 650 से अधिक टेक्सटाइल उद्योग अब उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

UP जाने की तैयारी में पानीपत के टेक्सटाइल उद्यमी। फोटो जागरण
HighLights
पानीपत के टेक्सटाइल उद्योग यूपी में निवेश को इच्छुक।
यूपी सरकार दे रही 35% मशीनरी सब्सिडी, बिजली छूट।
हरियाणा प्रदूषण बोर्ड के दबाव से उद्यमी परेशान।
अम्बर अग्निहोत्री, पानीपत। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बढ़ते दबाव और सख्त निगरानी के बीच पानीपत के 650 से अधिक टेक्सटाइल उद्योगों का रुख अब उत्तर प्रदेश की ओर होने लगा है। आनलाइन मानिटरिंग में तकनीकी खामियों पर क्लोजर, बार-बार निरीक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के नए उपकरणों पर बढ़ते खर्च से उद्यमी परेशान हैं।
ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार ने 21 नवंबर को पानीपत के उद्योगपतियों को निवेश का प्रस्ताव दिया है। 19 औद्योगिक एसोसिएशनों से संपर्क कर टेक्सटाइल इकाइयां लगाने के लिए औद्योगिक जमीन, मशीनरी पर 35 प्रतिशत सब्सिडी और बिजली शुल्क में 10 साल तक छूट देने की पेशकश की है। अब उद्यमी यूपी में निवेश की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
अगली बैठक में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा
सरकार की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट यूपी ने जिले की 19 औद्योगिक एसोसिएशनों के प्रधानों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। इसमें इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरण आनंद ने औद्योगिक संगठनों को पत्र भेजकर टेक्सटाइल निर्माताओं, प्रोसेसिंग यूनिटों और कारोबारियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया।
लखनऊ में प्रस्तावित अगली बैठक में निवेश की संभावनाओं पर आगे चर्चा होगी। इच्छुक उद्यमियों को औद्योगिक क्षेत्र चुनने, जमीन का निरीक्षण कराने और अधिकारियों से मुलाकात के लिए विभागीय सहायता देने की पेशकश की है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी भूपेंद्र चहल ने बताया कि सभी फैक्ट्री संचालकों को निगरानी उपकरण बंद न हों, इसके लिए निर्देश दिए गए हैं।
यूपी में निवेश पर मिलेंगी ये सुविधाएं
उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ, अमरोहा, बिजनौर, बरेली, गाजियाबाद, हापुड़, संभल, एटा, बदायूं, फिरोजाबाद और पीलीभीत में औद्योगिक जमीन तलाशने का विकल्प दिया है।
टेक्सटाइल एंड गारमेंटिंग पालिसी-2022 के तहत पात्र इकाइयों को प्लांट-मशीनरी पर 25 से 35 प्रतिशत सब्सिडी, भूमि लागत पर 25 प्रतिशत प्रतिपूर्ति और स्टांप ड्यूटी में 100 प्रतिशत तक छूट का प्रविधान है।
मशीनरी ऋण के ब्याज पर सात साल तक 60 प्रतिशत अनुदान और नई इकाइयों को 10 साल तक बिजली शुल्क में छूट मिल सकती है। सड़क, पानी, ड्रेनेज, ईटीपी और श्रमिक आवास के लिए भी आर्थिक सहायता देंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।