युवक की हत्या के बाद शव पर डाल दिए पत्थर
शहर के सेक्टर 25 पार्ट टू ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गंदे नाले के पास 30 वर्षीय एक युवक का शव मिला। हत्या करने के बाद आरोपितों ने शव ठिकाने लगाने के लिए पत्थरों के नीचे दबा दिया। रविवार को सुबह लोगों ने शव को देखा तो सनसनी फैल गई।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहर के सेक्टर 25 पार्ट टू ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गंदे नाले के पास 30 वर्षीय एक युवक का शव मिला। हत्या करने के बाद आरोपितों ने शव ठिकाने लगाने के लिए पत्थरों के नीचे दबा दिया। रविवार को सुबह लोगों ने शव को देखा तो सनसनी फैल गई। सूचना कंट्रोल रूम के जरिये सूचना पुलिस को दी। तुरंत सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त न हो, ऐसे में हत्यारोपितों ने उसके चेहरे पर पत्थर जैसी किसी चीज से वार किया है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए सामान्य अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
हुडा सेक्टर 11-12 चौकी प्रभारी जयबीर सिंह ने जागरण को बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली की सेक्टर 25 पार्ट 2 ट्रांसपोर्ट नगर में गंदे नाले के पास खून से लथपथ हालात में एक शव पड़ा है। वह तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को गंदे नाले के साथ झाड़ियों में गिराया गया। उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र 30 साल के करीब है। उसके चेहरे पर पत्थर आदि से वार किए गए हैं। उसका एक आगे का दांत भी टूटा मिला है। शव को चूहे आदि ने भी ऊंगली, पेट पर कुतरा हुआ था। मृतक के कपड़ों की तलाशी भी ली गई। लेकिन उसके पास से पहचान लायक कोई भी दस्तावेज या अन्य चीज नहीं मिल सकी। न ही उसके हाथ आदि पर पहचान संबंधित चिन्ह मिला। इंचार्ज ने बताया कि चौकी में तैनात एएसआई नेपाल सिंह के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। शव को शिनाख्त के लिए सामान्य अस्पताल स्थित शव गृह में रखवा दिया गया है। शव के ऊपर डाले पत्थर
मृतक के चेहरे, मुंह, सिर आदि जगहों पर चोट के निशान मिले हैं। शव के पास खून लगे पत्थर भी मिले हैं। जांच को लेकर मधुबन एफएसएल लैब भेज जाएगा। उन्होंने बताया कि आशंका है कि रात के समय हत्या कर शव को यहां गिराया गया है। मृतक की शिनाख्त के साथ साथ हत्यारोपितों तक पहुंचने के लिए टीमें बनाई गई है। घटनास्थल, उसके आस पास व आने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।