दो महिलाओं ने शिक्षिका व उनके बच्चों के साथ मारपीट की, पुलिसकर्मियों को भी धमकाया
दो महिलाओं ने सोमवार दोपहर को शिवनगर में शिक्षिका व उनके बच्चों के साथ मारपीट करके कमरे का ताला तोड़ कब्जा कर लिया। घटना दोपहर करीब 1230 बजे की है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : दो महिलाओं ने सोमवार दोपहर को शिवनगर में शिक्षिका व उनके बच्चों के साथ मारपीट करके कमरे का ताला तोड़ कब्जा कर लिया। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है।
शिव नगर की गली नंबर 2 की कविता शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी कि वह छह महीने से किराये के मकान में रह रही है। वह शिव नगर के सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। वह स्कूल में पढ़ाने गई थी। पति सन्नी बाहर थे। वह दोपहर को घर लौटी तो कमरे के ताले टूटे थे। दो महिलाएं कमरे में बैठी थी। रंजना नामक महिला ने उसके साथ गाली-गलौज की और सारा सामान बिखेर दिया। उसने विरोध जताया तो रंजना ने दूसरी महिला के साथ मिलकर उसे सीढि़यों से धक्का दे दिया। बच्चों से भी मारपीट की। उसने 100 नंबर पर कॉल की। दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोपित महिलाओं ने मकान मालिक बता उन्हें भी गाली दी और धमकाया। पुलिसकर्मी मौके से चले गए। वह महिला थाना गई तो डीएसी पूजा डाबला ने उन्हें आरोपित महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद वह चार घंटे तक किशनपुरा चौकी में खड़ी रही, लेकिन आरोपित महिलाओं पर कार्रवाई नहीं की। वह पति व बच्चों के साथ शौदापुर चली गई। उसने मंगलवार को कमरा खाली कर दिया। किशनपुरा चौकी प्रभारी सतनारायण ने बताया कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।