छेड़खानी के आरोप में पंचायत ने जिसे गांव से निकाला था, उसका शव खेत में मिला Panipat News
करीब डेढ़ महीने पहले पंचायत ने जिस युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाकर गांव से निकाल दिया था उसका शव खेत में मिला है। मामला पानीपत के मतलौडा कस्बे का है।
पानीपत, जेएनएन। मतलौडा कस्बे के अदियाना गांव में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उसका शव कबीर मंदिर के पास धान के खेत में मिला। लड़की के विवाद में मृतक को गांव से निकाल दिया गया था। वह दस दिन पहले ही लौटा था।
अदियाना गांव के टेकराम ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी सविता की शादी हो चुकी है। मंझला बेटा 20 वर्षीय सोमबीर मजदूरी करता था। वह किसी काम से जींद गया था। शाम छह बजे बेटे सोमबीर को कुछ युवक घर से बुलाकर ले गए थे। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सुंदर के धान के खेत में सोमबीर का शव देखा। भाई बिजेंद्र ने उसे कॉल कर घटना की जानकारी दी। वह भतीजे इंद्रजीत, विजय और रामनिवास के साथ मौके गया। सोमबीर के सिर, माथे और कोहनी पर कट के निशान थे। उसने पड़ोस के कुलदीप, उसके बेटे बिट्टू, भाई सतीश, बलबीर, सोमबीर और सोनीपत के जवाहरा गांव के ईश्वर पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। टेकराम ने बताया कि आरोपितों ने सोमबीर को मंगलवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
छह लोगों पर हत्या का केस
मतलौडा थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि टेकराम के बयान पर उक्त आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गत रात्रि सोमबीर के साथ कौन-कौन थे। सोमबीर को पहले शराब पिलाई गई, बाद में हत्या की गई।
पंचायत ने सोमबीर को गांव से निकाल दिया था
टेकराम ने बताया कि डेढ़ महीने पहले बेटा सोमबीर नशे में था। इसी दौरान छत से उसकी चप्पल पड़ोसी के घर में गिर गई थी। वह चप्पल लेने गया तो पड़ोसियों ने उसके साथ मारपीट कर लड़की के साथ बदतमीजी करने का आरोप लगा दिया था। इस बारे में हुई पंचायत में सोमबीर ने माफी मांग ली थी। इसके बाद पंचायत ने बेटे को गांव से निकाल दिया था।