यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
योग दिवस कार्यक्रम की ड्यूटी में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त
जागरण संवाददाता, पानीपत : उपायुक्त समीर पाल सरो ने 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस क

जागरण संवाददाता, पानीपत : उपायुक्त समीर पाल सरो ने 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को देखते हुए जिले अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे कार्यक्रम के शुभारंभ से लेकर समापन तक अपनी ड्यूटी में कोई भी कोताही न बरतें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। सरो बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय में कार्यक्रम से जुड़े सभी अधिकारियों,कर्मचारियों, भारत स्वाभिमान और पतंजलि योग पीठ के प्रतिनिधि के साथ मंत्रणा कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम में करीब तीन हजार पुरुष, महिलाएं और स्कूली विद्यार्थी भाग लेंगे, जोकि सुव्यवस्थित ढग से पतंजलि के मुख्य प्रशिक्षकों की देखरेख में योग करेंगे। इस शिविर में भाग लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए टी-शर्ट और जलपान की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को उबड़-खाबड़ न रहने दें। इसके साथ-साथ अस्थाई शौचालयों और कूड़ेदानों की भी व्यवस्था की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होने वाले इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में लोगों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों के बैठने के लिए स्टेडियम में छह सेक्टर बनाए जाएंगे। शिविर की शुरुआत मंत्रोच्चारण से की जाएगी। सामान्य योग अभ्यास के तहत मुख्य-मुख्य आसन और प्राणायाम करवाए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से रगोली बनाई जाएगी।
पूर्वाभ्यास 13 व 14 को
सरो ने कहा कि 13 व 14 जून जिला के सभी अधिकारियों के लिए स्थानीय बाल भवन में योगाभ्यास का कार्यक्रम रखा गया है। यह कार्यक्रम प्रात: छह बजे से किया जाएगा। इसमें सभी अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। इस मौके पर एडीसी सुजान सिंह यादव, नगराधीश वीरेंद्र चौधरी, तहसीलदार हरिओम अत्री, जिला शिक्षा अधिकारी जयभगवान खटक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी रूपेंद्र मलिक , जिला समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी मदान के अतिरिक्त अन्य अधिकारी मौजूद थे।