आर्मी में भर्ती के लिए टेस्ट देने कालका आए जींद के युवक की हत्या
ऑटो की साइड लगने के चलते हुए विवाद के दौरान आर्मी में भर्ती के लिए टेस्ट देने कालका आए जींद निवासी एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई।
संवाद सहयोगी, कालका : ऑटो की साइड लगने के चलते हुए विवाद के दौरान आर्मी में भर्ती के लिए टेस्ट देने कालका आए जींद निवासी एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। उसने चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ा। मारपीट के दौरान ऑटो चालक और ऑटो में सवार कुछ अन्य लोगों की ओर से युवक पर पेचकस और लोहे की रॉड से हमले किया गया। मामला मंगलवार देर शाम का है। मृतक की पहचान अश्वनी निवासी गांव भुरान जिला जींद के रूप में हुई है। मारपीट में अश्वनी के दो अन्य साथियों को भी गंभीर चोटों लगी हैं। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान जींद के ही गांव रज्जाणा निवासी प्रवीण व गांव पिल्लुखेड़ा के राजेश कुमार घायल हो गए।
पुलिस को दिए बयान में हमले में घायल हुए राजेश कुमार ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कालका के आर्मी एरिया में आयोजित टीए की ओपन भर्ती के लिए टेस्ट देने आया था। उनका टेस्ट 22 अक्तूबर को था। वह 21 अक्तूबर को अपने दोस्त अश्वनी, प्रदीप, अनु, राहुल व गौरव के साथ ट्रेन से कालका पहुंचा। यहां आने के बाद वे अपने एक जानकार ओमप्रकाश के आवास पर रुके। वहीं से वे मंगलवार सुबह आर्मी एरिया पहुंचे। राजेश ने पुलिस को बताया कि आर्मी ग्राउंड में सभी की नापतौल व दौड़ हुई। इसमें उसके अलावा अश्वनी और अनु का टेस्ट क्लियर नहीं हुआ। मगर राहुल तथा गौरव का टेस्ट क्लियर हो गया। ऐसे में राजेश, अनु व अश्वनी आर्मी एरिया के मेन गेट के बाहर बैठ अपने कागजात चेक करवा रहे राहुल व गौरव का इंतजार करने लगे। इसी दौरान रात करीब 8 बजे एक ऑटो चालक ने अश्वनी को टक्कर मार दी। इस पर अश्वनी ने ऑटो चालक को ध्यान से ऑटो चलाने को कहा।
राजेश ने बताया कि इसी बात को लेकर ऑटो चालक ने अश्वनी के थप्पड़ मार दिया और दोनों में हाथापाई होने लगी। तभी ऑटो में बैठे 3-4 अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने पेजकस और लोहे की रॉड से हमला किया। इसमें अश्वनी, राजेश व प्रवीण घायल हो गए। घायलों को तुरंत सीएचसी कालका ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने प्रवीण व अश्वनी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सेक्टर-32 जीएमसीएच चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रात करीब 10 बजे अश्वनी की मौत हो गई। ऑटो चालक समेत तीन गिरफ्तार
थाना प्रभारी कालका सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने राजेश के बयान पर आरोपित ऑटो चालक व ऑटो में बैठे व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में बुधवार देर शाम पुलिस ने ऑटो चालक अरविंद के अलावा उसमें सवार रहे उत्तम और कमल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों को पिंजौर की शिव कालोनी से गिरफ्तार किया गया।