दुबई में गूंजा महाराजा अग्रसेन का संदेश, मंत्री विपुल गोयल ने प्रवासी भारतीयों से किया संवाद
हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल ने दुबई में महाराजा अग्रसेन जयंती उत्सव में शिरकत की, जहाँ उन्होंने भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के महत्व पर प्रकाश डाला।
-1793528478486_m.webp)
दुबई में महाराजा अग्रसेन जयंती उत्सव में मंत्री विपुल गोयल ने किया प्रवासी भारतीयों से संवाद।
HighLights
मंत्री विपुल गोयल ने दुबई में महाराजा अग्रसेन जयंती उत्सव में शिरकत की
भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकजुटता पर दिया विशेष जोर
प्रवासी भारतीयों और अग्रवाल समाज की उद्यमशीलता की सराहना की
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के शहरी निकाय, नागरिक उड्डयन एवं राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल दुबई में आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती उत्सव में शामिल हुए।
विदेश की धरती पर आयोजित इस समारोह के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और महाराजा अग्रसेन के विचारों को याद किया गया। हरियाणा मंत्रिमंडल में एकमात्र वैश्य मंत्री विपुल गोयल के दुबई पहुंचने पर अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट पर उनकी अगुवानी की।
विपुल गोयल ने कहा कि विदेश में अपने समाज के लोगों से मिलने वाला स्नेह और सम्मान विशेष अनुभूति देता है। अग्रवाल समाज अपनी उद्यमशीलता, सामाजिक एकजुटता, सेवा भावना और परोपकार के कार्यों के लिए जाना जाता है। विदेश में भी समाज के लोग भारतीय संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
दुबई प्रवास के दौरान विपुल गोयल ने प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद के दो से तीन सत्र रखे। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन फाउंडेशन सिंगापुर के संस्थापक एवं चेयरमैन सोहनलाल जिंदल सहित अनेक प्रवासी भारतीय मौजूद रहे। बातचीत के दौरान भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विदेश में भारतीय समुदाय की भूमिका जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए।
विपुल गोयल ने कहा कि हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद प्रवासी भारतीयों का अपनी मातृभूमि और संस्कृति से जुड़ाव भारतीय विरासत की मजबूती को दर्शाता है। वे अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से दुनिया में भारत की पहचान मजबूत कर रहे हैं। साथ ही, नई पीढ़ी तक भारतीय संस्कारों और परंपराओं को पहुंचाने का काम भी कर रहे हैं।