जींद उपचुनाव: गुटबाजी छोड़ सुरजेवाला के प्रचार में एकजुट हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता
जींद उपचुनाव में रणदीप सुरजेवाला के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रचार में जुट गए हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रधान डॉ. अशोक तंवर, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रचार में जुटे हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुटबाजी छोड़कर जींद उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला के प्रचार जुट गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर सहित लगभग सभी वरिष्ठ नेता जींद में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। विभिन्न जिलों से कांग्रेस नेता अपने समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच रहे हैं। वे लोग भी जींद पहुंच रहे हैं जो अभी तक किसी और नेता के कार्यक्रम का भी हिस्सा नहीं बनते थें।
राज्य कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, विधायक दल की नेता किरण चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, विधायक कुलदीप बिश्नोई सहित खुद रणदीप सुरजेवाला के अलग गुट हैं। ऐसे मौके कम ही देखने को मिले हैं जब ये नेता एक ही मंच पर एक साथ हों।
रणदीप सुरजेवाला के साथ प्रचार में जुटे डाॅ. अशोक तंवर।
पिछले चार साल में हुड्डा और तंवर गुट के बीच पार्टी में वर्चस्व की लड़ाई किसी से छुपी नहीं रही। इसके साथ ही हुड्डा की जनक्रांति रथयात्रा और तंवर की साइकिल यात्रा सहित अन्य नेताओं की सभाओं में भी केवल इन नेताओं के अपने समर्थक ही पहुंचते थे। जींद उपचुनाव में तंवर और कुमारी सैलजा के समर्थक पहुंच गए हैं। हुड्डा, कुलदीप बिश्नोई और किरण चौधरी के भी समर्थक नेता बढ़चढ़कर प्रचार करने का दावा कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के सचिव सुमित गौड़, हुड्डा समर्थक नीरज शर्मा, विधायक ललित नागर भी जींद जा चुके हैं।
सुरजेवाला में प्रदेश कांग्रेस का भविष्य देख रहे हैं टिकटार्थी
सुरजेवाला को पार्टी हाईकमान द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कांग्रेस के नेताओं के सुर बदल गए हैं। खासतौर पर विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार नेता खुलेआम कहने लगे हैं कि यह उपचुनाव हारने के बाद पार्टी नेताओं की गुटबाजी किसी काम की नहीं रहेगी। इसलिए वे जींद जाकर पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं। वे कह रहे हैं कि हाईकमान का इशारा तो यही है कि सुरजेवाला ही प्रदेश कांग्रेस के भविष्य हैं।