गणतंत्र दिवस: हरियाणा के दो पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पदक, 12 को मिला पुलिस मेडल
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के दो पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पदक दिया गया है। 12 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक से नवाजा गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। गणतंत्र दिवस पर यमुनानगर के पुलिस इंस्पेक्टर रामकुमार और पंचकूला के सब इंस्पेक्टर प्रमोद चंद को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक मिला है। इसके अलावा हरियाणा पुलिस अकादमी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी, हिसार के एसपी शिवचरण तथा एसपी ट्रैफिक करनाल ओमवीर सिंह सहित 12 को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से नवाजा गया है।
पुलिस इंस्पेक्टर रामकुमार और सब इंस्पेक्टर प्रमोद चंद को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक
पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में स्टेट क्राइम ब्यूरो पंचकूला के उप पुलिस अधीक्षक गुरमेल सिंह, सब इंस्पेक्टर राजपाल, सहायक सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार, रमेश कुमार व रामपाल, ईएएसआइ रामफल व सुरेश कुमार, ओआरपी एएसआई मनोज कुमार व हवलदार प्रवीन कुमार शामिल हैं।
एसपी कृष्ण मुरारी, शिवचरण और ओमवीर सिंह सहित 12 को मिला पुलिस पदक
पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस के अधिकारियों व कर्मियों के अथक एवं निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान समस्त पुलिस बल के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वाले अधिकारियों के साथ-साथ राज्य पुलिस बल के अन्य अधिकारियों व जवानों का भी मनोबल बढ़ेगा।
आइएएस अशोक मीणा को जनरल अवार्ड
चंडीगढ़ हरियाणा के खाद्य एवं औषधि आयुक्त (हिसार के तत्कालीन उपायुक्त) अशोक कुमार मीणा को लोकसभा चुनाव में आइटी के क्षेत्र में अहम कार्य करने पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सम्मानित किया है। शनिवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें जनरल अवार्ड से नवाजा गया।
हिसार लोकसभा संसदीय क्षेत्र के तत्कालीन रिटर्निंग ऑफिसर रहते हुए लोकसभा चुनाव में अशोक कुमार मीणा ने नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआइसी) के साथ मिलकर चार नई ऑनलाइन एप्लीकेशन तैयार की थी और इनको सफलतापूर्वक लागू किया। इन एप से सारी चुनावी प्रक्रिया आसान, पारदर्शी व ऑटोमेटिक बनने में काफी मदद मिली।