विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के दो हजार कर्मचारियों को जूनियर के बराबर वेतन पाने का रास्ता साफ, 2014 से मिलेगा लाभ

Published: Tue, 10 Nov 2026 07:01 PM (GMT+05:30)

हरियाणा में 2000 कर्मचारियों को अपने कनिष्ठों के समान वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है, जिसमें 11 मार्च ...और पढ़ें

कर्मचारियों को जूनियर के बराबर वेतन पाने का रास्ता साफ। फाइल फोटो

कर्मचारियों को जूनियर के बराबर वेतन पाने का रास्ता साफ। फाइल फोटो

HighLights

  1. 2000 हरियाणा कर्मचारियों को जूनियर के समान वेतन मिलेगा।

  2. 11 मार्च 2014 से लागू होगा, छह माह में एरियर भुगतान।

  3. दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों की पेंशन में भी वृद्धि होगी।

सुधीर तंवर, चंडीगढ़। हरियाणा में दो हजार कर्मचारियों को जूनियर के समान वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। 11 मार्च 2014 से संशोधित वेतनमान लागू होगा और छह माह में बकाया राशि (एरियर) का भुगतान भी किया जाएगा। स्वर्ग सिधार चुके कर्मचारियों को नोशनल आधार पर स्टेपिंग अप का लाभ दिया जाएगा, जिससे उनके आश्रितों की पेंशन में बढ़ोतरी होगी।

वेतन स्टेपिंग-अप सरकारी सेवा में एक ऐसा नियम है, जिसके तहत यदि किसी वरिष्ठ कर्मचारी का वेतन अपने कनिष्ठ कर्मचारी से कम हो जाता है, तो उसके वेतन को कनिष्ठ के बराबर या उससे अधिक कर दिया जाता है। वेतन विसंगति की यह स्थिति पदोन्नति, वार्षिक वेतन वृद्धि या नए वेतन आयोग के नियमों के कारण जूनियर कर्मचारी की बेसिक सैलरी सीनियर से अधिक होने के कारण पैदा होती है।

क्या था सुप्रीम कोर्ट का आदेश?

वित्त विभाग ने वेतन विसंगति दूर करने के लिए सभी विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 19 अगस्त को दिए आदेश में स्पष्ट किया है कि याचिकाकर्ताओं और उनके समान स्थिति वाले कर्मचारियों का वेतन उनके जूनियर कर्मचारियों के बराबर 11 मार्च 2014 से तय किया जाएगा। यह तारीख हरियाणा के 2014 अधिनियम के आधिकारिक राजपत्र में अधिसूचित होने की है।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि याचिकाकर्ताओं और समान स्थिति वाले कर्मचारियों को निर्धारित आधार पर बकाया एरियर का भुगतान छह महीने के भीतर किया जाए।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसे अन्य समान स्थिति वाले कर्मचारी, जिन्हें यह लाभ नहीं मिला और जो 11 मार्च 2014 से पहले सेवानिवृत्त हो गए या जिनकी मृत्यु हो गई, उन्हें भी नोशनल आधार पर स्टेपिंग अप का लाभ दिया जाएगा। इससे उनकी पेंशन उन कर्मचारियों के बराबर लाई जा सकेगी, जो इस लाभ के पात्र हैं।

बारीकी से पूरे मामले की जांच

सुप्रीम कोर्ट के फैसले को अमलीजामा पहनाने के लिए वित्त विभाग ने प्रशासनिक सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वे एसएएस और संबंधित विभाग में तैनात अटार्नी काडर के अधिकारियों से परामर्श कर पूरे मामले की बारीकी से जांच करें।

अलग-अलग श्रेणियों के कर्मचारियों पर फैसले के क्रियान्वयन और इसके वित्तीय प्रभावों का भी आकलन किया जाए। विभागों को स्टेपिंग अप के मामले में घटनाक्रम और तारीखवार स्पष्ट एवं समेकित प्रस्ताव तैयार करना होगा।

प्रस्ताव में वित्तीय प्रभाव का पूरा विवरण शामिल करने के साथ एसएएस काडर के अधिकारियों से उसका सत्यापन भी करवाना होगा। यह प्रस्ताव वित्त विभाग की पे रिवीजन ब्रांच को अनिवार्य रूप से एक पखवाड़े के भीतर भेजना होगा।

वित्त विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।